भिलाई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग-भिलाई में 18 नवंबर को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इन विकास कार्यों को निकाय चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दुर्ग जिले के तीन निकाय में अभी चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। मगर, कांग्रेस ने विकास कार्यों के जरिये जनता का दिल जीतने की तैयारी कर ली है। बीते रविवार को मुख्यमंत्री भिलाई में महंगाई को लेकर पैदल मार्च भी कर चुके हैं। इस दौरान लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का स्वागत किया था।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर को भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली एवं जामुल नगरीय निकायों में कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। बताते चलें कि आने वाले दिनों में भिलाई, चरौदा औैर रिसाली नगर निगम में चुनाव होने हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। लिहाजा, भूपेश बघेल के इस कार्यक्रम से पहले जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। मंगलवार को कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने इस संबंध में तैयारियों की समीक्षा की है।

बताते चलें कि इससे पहले वह महंगाई के विरोध में रविवार शाम को पोट्टी श्रीरामुलु चौक से लाल मैदान तक मार्च कर चुके हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को भी आना था, लेकिन किन्हीं कारणों से वह नहीं पहुंचे थे।

करीब दो किलोमीटर लंबी इस पैदल यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और नीता लोधी भी मौजूद थीं। मार्च के दौरान जगह जगह लोगों ने फूल बरसाकर और माल्यार्पण कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

By admin