रायपुर। दक्षिण मध्य बंगाल की खाड़ी में इन दिनों निम्न दबाव का एक क्षेत्र इन बनने के साथ ही बंगाल की खाड़ी से व्यापक रूप में नमी आ रही है। मौसम विज्ञानियों ने आशंका जताई है कि इसके प्रभाव के चलते गुरुवार 18 नवंबर को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। बारिश का क्षेत्र मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ होने के आसार ज्यादा हैं। हालांकि, मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इसकी वजह से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की उम्मीद नहीं है।

बताते चलें कि मंगलवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। इसके प्रभाव से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने की वजह से ठंड में भी मामूली कमी देखी गई। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे के दौरान निम्न दाब का क्षेत्र पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से ही इन दिनों बंगाल की खाड़ी काफी नमी आ रही है। उन्होंने कहा कि इसके प्रभाव से ही 18 नवंबर को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश के आसार बन रहे हैं। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं।

By admin