रायपुर। छत्तीसगढ़ में सराकारी नौकरियों की उम्मीद लगाए बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है। यहां करीब 400 सिविल इंजीनियरों की भर्ती जल संसाधन विभाग में उप अभियंता के पद पर होगी। राज्य सरकार ने विभाग के प्रस्ताव को इसकी मंजूरी दे दी है। अब जल्दी ही व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के विज्ञापन भी जारी कर दिया जाएगा, जिसके बाद परीक्षा और भर्ती की प्रक्रिया शुरू होगी। इंजीनियरों की सीधी भर्ती की प्रक्रिया कई विभागों में चल रही है। इसमें निर्माण और तकनीकी वाले विभाग अधिक हैं। बिजली कंपनियों में भी इंजीनियरों की भर्ती चल रही है। लोक सेवा आयोग के जरिए भी विभिन्न विभागों के लिए सहायक इंजीनियर पदों के लिये भर्तियां हो रही हैं।

विभाग के प्रमुख अभियंता ने सितंबर में उप अभियंता पदों पर रिक्तियों की जानकारी देते हुए भर्ती का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा था, जिसे जांच के बाद वित्त विभाग को भेजा गया। इसी महीने वित्त विभाग ने भर्ती प्रस्ताव पर सहमति की मंजूरी दे दी है। साथ ही जल संसाधन विभाग ने भी प्रमुख अभियंता को भर्ती की कार्रवाई शुरू करने को निर्देशित कर दिया गया है।

भर्ती की इस प्रक्रिया को व्यापमं के जरिए किया जाएगा। भर्ती नियमों के मुताबिक व्यापमं ही विज्ञापन जारी करेगा और वही आवेदन लेकर परीक्षा कराएगा। माना जा रहा है कि अगले तीन-चार महीनों में यह भर्ती प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। उम्मीद है कि जनवरी में इसकी परीक्षा कराई जा सकती है। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग में भी भर्ती होनी है।

By admin