रायपुर। प्रदेश के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में फोर्स की सक्रियता और दबाव के चलते नक्सलियों का लगातार समर्पण जारी है। अभियान के तहत सुकमा के कोर्रा कैंप में एक महिला सहित आठ नक्सलियों ने आत्म समर्पण कर दिया। महिला नक्सली पर एक लाख का इनाम घोषित था। इसके साथ 206 कोबरा बटालियन के प्रयास से एक और महिला नक्सली कमांडर बदरी ने आत्मसमर्पण किया।

बदरी पर शासन द्वारा दो लाख रुपए का इनाम घोषित था। अभियान से प्रभावित होकर डीएकेएमएस अध्यक्ष व एक लाख का इनामी माडवी बामन, जनमिलिशिया सदस्य कोसा, मारोकी रेंज कमेटी अध्यक्ष मड़कामी लखमे, सोड़ी कोसा संघम सदस्य मुकेश, पोड़ियामी जोगा, कुरामी मासा और डीएकेएमएस सदस्य कवासी नंदा ने समर्पण कर दिया।

समर्पण करने वाले नक्सली कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। सभी नक्सली वारंटी नक्सली हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों को राज्य शासन के पुनर्वास नीति के तहत सहायता राशि व अन्य सुविधाएं प्रदाय की जाएगी।

नक्सलियों के मेडिकल टीम का हिस्सा बनकर मुठभेड़ इत्यादि में घायल होने वाले नक्सलियों का उपचार का कार्य करने वाली महिला नक्सली कमांडर बदरी ने भी आत्म समर्पण किया है। इस हार्डकोर महिला नक्सली को DVC विजय द्वारा नक्सली संगठन में भर्ती कराया गया था। उक्त महिला नक्सली पर दो लाख रुपए का इनाम था।

206 कोबरा बटालियन और जिला पुलिस बल के प्रयास से कमांडर बदरी ने आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वाले नक्सलियों से पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है, जिसके फोर्स को सफलता मिलेगी।

By admin