Bhilai corporation elections

भिलाई। नगर निगम भिलाई के चुनाव में इस बार महिला प्रत्याशियों का जोर है। 70 वार्डों में 43 फीसदी महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। पुरुषों के लिए आरक्षित वार्डों को छोड़ दे तों महिला नेत्रियों ने सभी वार्डों से मोर्चा ले लिया है। भले ही महिलाओं की संख्या पुरुष प्रत्याशियों की तूलना में कुछ कम है लेकिन जिस तरह से चुनावी मैदान में दिख रही हैं उससे यह चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है।

बता दें नगरीय निकाय चुनाव के अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई पर पर सबकी नजरे हैं। पूरे एक साल के विलंब से यहां चुनाव हो रहे हैं। इस बार चुनावी मैदान में कुल 318 प्रत्याशी डटे हुए हैं। इनमें 69 भाजपा के तो 70 कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। वार्ड 19 राजीव नगर से भाजपा प्रत्याशी ने अंतिम समय में अपना नाम वापस ले लिया था इस वजह से भाजपा का एक प्रत्याशी कम है।

181 पुरुष और 137 महिला प्रत्याशी मैदान में
भिलाई निगम चुनाव में खड़े कुल 318 प्रत्याशियों में से 181 पुरुष व 137 महिला प्रत्याशी हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों के अलावा अनारक्षित वार्डों से भी महिलाओं ने भागीदारी दिखाई है। सर्वाधिक महिला प्रत्याशियों की संख्या वार्ड क्रमांक 8 से हैं। यहां पर 11 महिलाएं चुनावी मैदान में हैं। हालांकि यह महिला वार्ड है। इसके अलावा अनारक्षित वार्डों से महिला प्रत्याशियों ने कड़ा मुकाबला दे रखा है। चुनाव प्रचार के दौरान इसकी झलक दिख रही है। महिला प्रत्याशियों की बड़ी संख्या ने इस बार दिग्गजों की चिंता बढ़ा दी है।

कई पूर्व पार्षदों ने पत्नी को उतारा मैदान में
चुनाव में कई पूर्व पार्षदों ने अपनी पत्नी को मैदान में उतारा है। परिसीमन व आरक्षण के कारण चुनाव न लड़ पाने वाले प्रत्याशियों ने अपनी पत्नी को प्रत्याशी बना दिया है। इनमें भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय भी शामिल हैं। जनाधार के बाद जिन लोगों को पार्टी ने टिकट नहीं दिया है ऐसे प्रत्याशियों ने पार्टी से बगावत कर अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतार दिया है।

By admin