भिलाई। वैशाली नगर वार्ड 20 से कांग्रेस प्रत्याशी सुषमा उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा विकास कार्यों को लेकर दिए बयानों पर पलटवार किया है। सुषमा उपाध्याय ने कहा कि भाजपा के नेताओं को कांग्रेस द्वारा कराया गया विकास नजर ही नहीं आता। भाजपा नेता जहाँ जाते हैं वहां झूठे दावे करते नजर आते हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी केवल और केवल विकास पर विश्वास करती है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार प्रेस वार्ता या मीडिया में बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं द्वारा लगातार विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस सरकार को घेरने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस शासनकाल में विगत तीन साल में जो विकास कार्य हुए हैं उन्हें भी भाजपा नेता अपने कार्यकाल बता रहे हैं। भाजपा नेताओं की इसी बयानबाजी के खिलाफ वैशाली नगर वार्ड 20 की कांग्रेस प्रत्याशी सुषमा उपाध्याय ने पलटवार किया है। सुषमा उपाध्याय का कहना है कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस सरकार के विकास कार्य दिखाई नहीं देते।

सुषमा उपाध्याय ने कहा कि वैशाली नगर वार्ड की बात करें तो यहां पर पिछले 15 वर्षों से लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। प्रदेश में भाजपा की सरकार और वार्ड में भाजपा का पार्षद होने के बाद भी इस क्षेत्र की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए वंचित रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेता एक बार क्षेत्र में पहुंचकर देखें की उन्होंने कितना विकास कराया है। सुषमा उपाध्याय का कहना है कि मीडिया में बयानबाजी करने से विकास नहीं होता। इसके लिए इच्छाशक्ति चाहिए और वह इच्छाशक्ति कांग्रेस के पास है।

सुषमा उपाध्याय ने कहा कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने चौतरफा विकास कार्य कराया है। गांव से लेकर शहरों तक गौठानो का निर्माण कराया ताकि मवेशियों को एक ठिकाना मिले और रोजगार का सृजन हो। कांग्रेस सरकार ने किसानों व लघु उद्योगों के विकास के लिए कई क्रांतिकारी कदम उठाए जिसका लाभ सभी को मिल रहा है। नगरीय निकाय चुनाव में भी विकास का संकल्प लेकर लोगों के पास पहुंच रहे हैं। जनता भी प्रदेश सरकार के काम काज से खुश है। लोगों का मानना है कि कांग्रेस आएगी तो विकास भी आएगा।

By admin