भिलाई। ओमिक्रॉन के खतरे के बीच छत्तीसगढ़ में भी अब धीरे धीरे दैनिक मामलों  बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। बीते दो तीन दिनों में प्रदेश की पॉजिटिविटी रेट भी बढ़ रहा है। इसकी वजह से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में 22 हजार 988 सैंपलों की जांच की गई जिसमें 44 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 0.19 प्रतिशत रही। राहत की बात यह रही कि प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज लेने वालों की संख्या एक करोड़ के पार हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान 37 लोग डिस्चार्ज हुए। इसके साथ ही अब तक प्रदेश में 9 लाख 93 हजार 81 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक प्रदेश में कोरोना संक्रमित होने वालों की संख्या 10 लाख 7 हजार 11 तक पहुंच गई है। इसके अलावा प्रदेश में फिलहाल 337 सक्रिय मरीज हैं। वहीं प्रदेश में अब 13 हजार 593 मरीजों की मौत हो चुकी है।

कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लेने वालों की संख्या 1 करोड़ पार

छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक लेने वालों की संख्या 1 करोड़ को पार कर गई है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेश में 1 करोड़ 22 हजार 404 लोगों ने इसके दोनों टीके लगवा लिए हैं। यह प्रदेश में टीकाकरण के लिए पात्र आबादी 1 करोड़ 96 लाख 51 हजार का 51 प्रतिशत है। टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए विगत 1 दिसम्बर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की शुरूआत के बाद खरीदी केंद्रों में भी कोरोना टीकाकरण किया जा रहा है। कोरोना से बचाव के टीके की पहली और दूसरी, दोनों खुराकों को मिलाकर प्रदेश में अब तक 2 करोड़ 79 लाख 93 हजार 381 टीके लगाए जा चुके हैं। राज्य में टीकाकरण के लिए पात्र 91 प्रतिशत जनसंख्या को पहला टीका लगाया जा चुका है। प्रदेश के 1 करोड़ 79 लाख 70 हजार 977 नागरिक संक्रमण से बचाव के लिए पहला टीका लगवा चुके हैं।

By admin