भिलाई। पूर्व के भाजपा के 15 साल और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के 3 साल के कार्यकाल को छत्तीसगढ़ की जनता ने देखा है। दोनों की नीतियों का अंतर साफ हो चुका है। भिलाईनगर विधायक ने इस बात पर चर्चा के लिए भाजपा को चुनौती दी है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को पूर्व में पत्र लिखने के बाद अब भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को पत्र लिखकर भिलाई आने का निमंत्रण दिया है।

विधायक यादव ने कहा है कि ‘मुझे मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली है कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में हो रहे विकास पर सवाल उठा रही है। भाजपा के कुछ नेता कांग्रेस द्वारा किये गए कार्यों की जानकारी चाह रहे हैं।

भाजपा का भ्रम दूर करने को मैं तैयार
देवेंद्र यादव ने कहा है यह बड़े ही अचरज की बात है कि यह सभी बातें मीडिया पर कही जा रही है, परंतु जमीनी स्तर पर नहीं। यादव का भाजपा से कहना है कि आपके 15 वर्षों के कार्यकाल और भूपेश बघेल जी के तीन साल के कार्यकाल को पूरे छत्तीसगढ़ ने देखा है। दोनों के ही नीतियों पर अंतर साफ हो चुका है, यदि कहीं भी भ्रम की स्थिति है तो वह दूर करने मैं तैयार हूं।

खुले मंच से जहां कहें मैं चर्चा करूंगा
यादव का कहना है मामले में भाजपा का कोई भी विधायक, प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष अथवा पूर्व मंत्री खुले मंच पर विकास के मुद्दे पर चर्चा करना चाहे तो मैं तैयार हूँ। आप स्वयं या प्रतिनिधि के रूप में किसी भी नेता को नियुक्त करने स्वतंत्र हैं। जहां जिस घड़ी जनता के समक्ष खुले मंच पर चर्चा करने उपस्थित होने कहेंगे, मैं उपलब्ध हो जाऊंगा।

By admin