रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को विधायक दल बैठक हुई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उन्होंन उपस्थित विधायकों में जोश भरा। वहीं भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है। प्रदेश में सरकार के काम काज से आम जनता खुश है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की जीत तय है। बैठक में प्रदेश के मंत्री और विधायक शामिल हुए।
विधायक दल की बैठक में सीएम बघेल ने उपस्थित सभी विधायकों को सरकार के काम काज जानकारी दी। वहीं भाजपा को लेकर कहा कि वे धर्म के नाम पर प्रदेश में अलग तरह का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन प्रदेश की जनता सब देख रही है। प्रदेश की जनता को पता है सही मायने में कांग्रेस सरकार प्रदेश का सर्वांगीन विकास कर रही है। वहीं भाजपा के लोग विकास कार्यों में अडंगा लगा रहे हैं। जनता इनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी।
बैठक के दौरान विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर भी चर्चा की गई। सीएम बघेल ने सभी विधायकों व मंत्रियो से कहा कि विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार रहें। वहीं प्रदेश में धान खरीदी, बारदानों की उपलब्धता से लेकर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में सरकार के कामकाज की जानकरी भी दी गई। इसके अलावा प्रदेश के 15 निकायों में हो रहे चुनावों को लेकर भी विधायकों को तैयार रहने को कहा। निकाय चुनाव में पार्षद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने और निकायों में जीत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।