रायपुर। दिवंगत पंचायत शिक्षक संघ के बैनर तले अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर राजधानी में धरना प्रदर्शन जारी है। कड़कड़ाती ठंड में वे परिवार के साथ डटे हुए हैं। सरकार के पास बात रखी जा चुकी है, पर परिणाम अधर में है।

इनके हड़ताल को समर्थन देने आज धरना स्थल पर राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश टिकैत शाम को पहुंचे। जहां मंच से प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए टिकैत ने अनुकंपा नियुक्ति की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने अनुकंपा संघ को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि आप लोगों की मांग जायज है।

टिकैत ने कहा यह बहुत ही संवेदनशील मामला है। आप लोगों की मांग मैं तत्काल आपके प्रदेश के मुखिया के समक्ष रखकर आपकी समस्याओं से भलीभांति अवगत कराऊंगा। उन्होंने कहा मुखिया से आग्रह करूंगा कि आप लोगों के प्रति सरकार अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए शीघ्र अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करें। उसके बाद अनुकंपा संघ के प्रदेश अध्यक्ष माधुरी मृगे ने संघ की ओर से टिकैत का धन्यवाद ज्ञापित कर आभार माना।

नियुक्ति के लिए महीनों से विभाग और सरकार के बीच झूल रहे हैं
राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष टिकैत ने विश्वास दिलाया कि बात मुख्यमंत्री तक हर हाल में पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा यहां से जाने के बाद भी मैं आप लोगों को संपर्क में रहुंगा। बता दें कि कोरोना काल के दौरान ड्यूटी करते हुए प्रदेश में बड़ी संख्या में शिक्षक भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। इस दौरान बहुत से शिक्षकों की मौत हो गई। उसके बाद से उनका परिवार अनुकंपा नियुक्ति के लिए बाट जोह रहा है। महीनों से वे विभाग और शासन का चक्कर काट रहे हैं। परेशान होकर मृत शिक्षकों का परिवार आंदोलन की राह पकड़ा है।

By admin