रायपुर। नए साल में बेरोजगारों के लिए बेहतर मौका मिलने जा रहा है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग दो हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती निकाली है, जिनके लिए नए साल में भर्ती होगी। दरअसल, सीजीपीएससी ने नवंबर-दिसंबर यानी दो माह में 2138 पदों के लिए भर्ती निकाली है। अलग-अलग कैटेगरी में निकाली गई इन भर्तियों में डिप्टी कलेक्टर, डीएससी से लेकर चिकित्सा विशेषज्ञ, प्राचार्य कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा की भर्ती होगी। सभी नियुक्तियां नए साल में ही की जाएंगी।

जानकारी के अनुसार इन भर्तियों के लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। नए साल में भी कुछ और विभागों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी हो सकते हैं। इसके लिए भी प्रस्ताव मिले हैं। नवंबर महीने से ही विभिन्न भर्तियों के लिए आवेदन का सिलसिला चल रहा है। करीब 14 कैटेगरी में भर्ती होगी।

इसमें राज्य सेवा परीक्षा, चिकित्सा विशेषज्ञ, सीनियर रेसिडेंट (चिकित्सा), जूनियर रेसिडेंट (चिकित्सा), सीनियर रजिस्ट्रार (चिकित्सा), रजिस्ट्रार (चिकित्सा), असिस्टेंट प्रोफेसर व प्रदर्शक (नर्सिंग), विधि अधिकारी (गृह- जेल विभाग), सहायक संचालक हथकरघा, सहायक संचालक रेशम जैसे पदों के लिए भर्ती होगी। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत प्राचार्य, प्लेसमेंट अधिकारी व सहायक संचालक के पद पर भर्ती होगी। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन पदों के लिए परीक्षाएं व साक्षात्कार नए साल में होंगे।

राज्य सेवा परीक्षा के लिए प्रीलिम्स 13 फरवरी को होगी। इसके लिए पहले ही सूचना जारी की जा चुकी है। चिकित्सा के क्षेत्र में 1916 पद रू पीएससी ने दो महीने में 2138 पदों के लिए भर्ती निकाली है। इसमें से चिकित्सा व इससे संबंधित क्षेत्र के लिए थोक में भर्ती निकाली गई है। इस क्षेत्र में 1916 पद हैं।

171 पदों पर भी होगी भर्ती
इसके अलावा राज्य सेवा परीक्षा के तहत 171 पद हैं। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत प्राचार्य, प्लेसमेंट अधिकारी व सहायक संचालक के 48 पोस्ट है। सहायक संचालक हथकरघा, सहायक संचालक रेशम व विधि अधिकारी के लिए एक-एक पद है।

By admin