बिलासपुर। तीन साल से वेतन विसंगति की राह देख रहे छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। शीतलहर के बाद भी वे कड़कड़ाती ठंड में धरना स्थल पर आंदोलनरत हैं। शिक्षकों ने कहा सरकार ने जो वादा किए थे उस पर अमल करना चाहिए।

इधर हड़ताल के कारण स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने लगी है। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग अब कार्रवाई के मूड में दिख रहा है। इसलिए सहायक शिक्षकों की हड़ताल को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है।

मामले में बिलासपुर जिले के कोटा ब्लॉक के सभी सहायक शिक्षक, एलबी को उच्च कार्यालय के निर्देशों के परिपालन को लेकर पत्र जारी किया है। पत्र में उल्लेख है कि शिक्षक संघ फेडरेशन के बैनर तले हड़ताल में उपस्थित सहायक शिक्षक एलबी का इस माह का वेतन रोका जाता है।

पत्र में दिए आदेश जानकारी अनुसार विकासखंड में कार्यरत सहायक शिक्षक एलबी 795 में से 11 मातृत्व अवकाश, सात संतान पालन अवकाश और 9 अन्य शासन के कार्य में संलग्न तथा 12 सहायक शिक्षक एलबी हड़ताल में शामिल नहीं हैं। विकासखंड में कार्यरत सहायक शिक्षक एलबी 11 दिसंबर से शिक्षक संघ फेडरेशन के बैनर तले आज दिनांक तक हड़ताल में शामिल हैं।

कलेक्टर और डीईओ को भेजी गई आदेश की प्रति
उच्च कार्यालय के निर्देशों के परिपालन में उक्त हड़ताल अवधि को अकार्य दिवस घोषित किया जाता है। अतः दिसंबर महीने के वेतन आहरण में रोक लगा दी गई है। अतः दिसंबर 2021 का वेतन आहरण नहीं किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने इस पत्र की प्रतिलिपि संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर और कलेक्टर बिलासपुर तथा जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर को भी भेजी है।

By admin