कवर्धा। ठंड ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया है। छत्तीसगढ़ में शीतलहर की स्थिति है। ऐसे में छ्त्तीसगढ़ का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मिनी शिमला के नाम से मशहूर कवर्धा जिले के चिल्फी घाटी मैनपाट में बर्फ जमना शुरू हो गया है।

6 से 7 डिग्री तक पहुंचा पारा
चिल्फी घाटी में रविवार का तापमान 6 से 7 डिग्री तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड की वजह से हवाओं में अधिक नमी आ गई है। इस वजह से अब ओस की बूंदे बर्फ के रूप में तब्दील होने लगी हैं। सुबह-सुबह पेड़-पौधों में जमी ओस की बूंदों को देखा जा सकता है।

लोग लेने लगे अलाव का सहारा
क्षेत्र में ठंड से ठिठुरन बढ़ने से ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर अनेक लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते देखे गए। वहीं दिन को भी पैर से सिर तक गरम कपड़े पहने लोग नजर आने लगे हैं।

इस सत्र का सबसे ठंडा दिन
बढ़ती ठंड को लेकर माना जा रहा है कि चिल्फी घाटी में रविवार को इस सत्र में अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। इसीलिए ओस की बूंदें घास-फूस और पेड़-पौधे की पत्तियों में बर्फ के रूप में नजर आने लगी हैं।

यहां की प्राकृतिक छटा है आकर्षित
आपको बता दें कि चिल्फी घाटी की बसाहट मैकल पर्वत पर है। जहां की खूबसूरती देखते ही बनती है। यहां की प्राकृतिक छटा, हरियाली को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। शीत ऋतु के समय यहां का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।

शीतलहर की उत्तर से आ रही ठंडी हवा
बता दें कि छत्तीसगढ़ में उत्तर से आ रही ठंडी और सूखी हवा का असर शनिवार रात देखने को मिला। प्रदेश के पश्चिम-उत्तर क्षेत्रों में इस साल मौसम की पहली शीतलहर दर्ज की गई है। सरगुजा संभाग के जिलों और पेंड्रा रोड में रात का तापमान अचानक काफी नीचे गिर गया। वहीं कोरिया में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह इस मौसम का सबसे कम तापमान है।

कोरिया में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार रात को कोरिया कृषि विज्ञान केंद्र में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं पेंड्रा रोड में यह 6 डिग्री सेल्सियस रहा। पेंड्रा का न्यूनतम तापमान एक दिन पहले के तापमान से 6.6 डिग्री और वहां के सामान्य तापमान से 5 डिग्री कम है।

By admin