भिलाई। नगरीय निकाय चुनाव में भिलाई शहर के विकास को लेकर इन दिनों कांग्रेस व भाजपा में खींचतान चल रही है। एक ओर जहां भाजपा संपूर्ण विकास कार्य उनके कार्यकाल में होने का दावा कर रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस भी तीन वर्षों में विकास के सोपान तय करने का दावा कर रही है। इस बीच भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विकास के मुद्दे पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।

भिलाई नगर विधायक ने पत्र के माध्यम से विष्णुदेव साय को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भिलाई नगर में पांच वर्ष महापौर के रूप में तीन वर्ष विधायक के रूप में भरपूर विकास कार्य हुए हैं। विधायक देवेन्द्र यादव ले पत्र के माध्यम से विष्णुदेव साय से कहा है वे उनसे या फिर उनके किसी भी विधायक से खुले मंच पर चर्चा करने को तैयार हैं। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को आमंत्रित किया है वे आएं और चर्चा करें तो स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा के 15 बेहतर थे या कांग्रेस यह तीन साल।
बता दें कि रविवार को भिलाई नगर विधायक ने भाजपा नेताओं को खुले मंच पर किसी भी चौराहे पर आकर भाजपा नेताओं को चर्चा करने की चुनौती दी थी। इसके बाद भाजपा की ओर से भी पलटवार हुआ। वहीं इसे और आगे बढ़ाते हुए विधायक देवेन्द्र यादव विकास के मुद्दे पर खुली चर्चा के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आमंत्रित भी कर दिया। विधायक देवेन्द्र यादव का कहना है कि भाजपा नेता जमीनी स्तर पर आने से डरते हैं। भाजपा नेता केवल अफवाह फैला रहे हैं लोगों को बरगला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया में बयानबाजी करने से बेहतर है जनता के सामने आकर खुली चर्चा करें तो समझ में आ जाएगा जनता क्या चाहती है। जनता समझ चुकी है कि भाजपा के 15 साल के मुकाबले कांग्रेस के तीन साल बेहतर हैं।