रायपुर। प्रदेश के युवाओं की प्रतिभाओं को मंच देने और उन्होंने प्रोत्साहित करने छत्तीसगढ़ शासन की ओर से आगामी 12 से 14 जनवरी तक राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय महोत्सव में 39 विभिन्न सांस्कृतिक तथा खेल विधाओं और लोक कलाओं का समावेश होगा। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में उच्चाधिकारियों की बैठक ली।

महोत्सव का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ के तत्वाधान में होगा। महोत्सव में 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग तथा 40 वर्ष से ऊपर के प्रतिभागी शामिल होंगे। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात्रि 8.30 बजे तक प्रतियोगिताएं होगी। बैठक में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे भी उपस्थित थे।

 

युवा प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

मुख्यमंत्री बघेल ने बैठक में कहा कि गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की परंपरा को साकार करने के लिए 12 जनवरी से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में 39 विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं, खेल विधाओं, लोक कलाओं और लोक साहित्य संगोष्ठी आदि को शामिल किया गया है। इससे राज्य में युवा प्रतिभाओं को निखारने और उनके प्रोत्साहन के लिए महत्वपूर्ण तथा भरपूर अवसर मिलेगा।

 

इन विधाओं पर प्रतिभागी देंगे प्रस्तुति

राज्य स्तरीय युवा महोत्सव वर्ष 2021-22 में शामिल विधाओं में बस्तरिहा लोक नृत्य, राउत नाचा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, करमा नाच, सरहुल नृत्य, डंडा नाच, पारंपरिक वेशभूषा, गेड़ी दौड़, भौंरा, फुगड़ी, लोक कला (प्रदर्शनी), लोक साहित्य (संगोष्ठी), कबड्डी, खोखो, लोकनृत्य, लोकगीत, एकांकी नाटक, फूड फेस्टिवल, वादविवाद, क्विज, चित्रकला, निबंध, तात्कालिक भाषण, हारमोनियम वादन, मृदंगम वादन, बांसुरी वादन, वीणा वादन, सितार वादन, गिटार वादन, तबला वादन, कर्नाटक संगीत, हिन्दुस्तानी शास्त्री संगीत, रॉकबैड, मणिपुरी नृत्य, भरतनाट्यम नृत्य, कुचीपुडी नृत्य, कत्थक नृत्य और ओडिसी नृत्य शामिल हैं।

 

यहां होगा महोत्सव का आयोजन

युवा महोत्सव में कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर स्थित खेल संचालनालय परिसर, खेल संचालनालय स्थित हॉल, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम, शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय ऑडिटोरियम, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह तथा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय खेल परिसर में होगा। युवा महोत्सव के तहत राज्य के सभी जिलों में विकासखंड स्तरीय आयोजन 5 दिसंबर तक संपन्न किए जा चुके हैं। इसी तरह सभी जिलों में जिला स्तरीय आयोजन 15 दिसंबर तक संपन्न करा लिए जाएंगे। संभाग स्तरीय युवा महोत्सव संभाग मुख्यालयों में 20 से 25 दिसंबर तक होंगे।

By admin