रायपुर। एक दिसंबर बुधवार से धान का कटोरा कहे जाने वाले प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो रही है। यह 30 जनवरी 2022 तक चलेगा। धान की फसल तैयार होने के बाद से किसान इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस बार 2,399 समितियों के माध्यम से धान खरीदी होगी। सरकार बुधवार से ही मक्का की भी खरीदी शुरू कर रही है, जो 28 फरवरी तक होगी। सरकार के स्तर पर खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए एक दिन पहले मंगलवार को अधिकांश किसानों को सहकारी समिति के माध्यम से टोकन बांटे गए थे। रात में ही खरीदी केंद्रों में धान लेकर किसानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। खरीदी केंद्रों में रातभर वाहनों की कतार लगी रही।

इस साल 22.66 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है। धान का पंजीकृत रकबा 29 लाख हेक्टेयर से अधिक है। किसानों को 30 नवंबर से टोकन बांटना शुरू हो गया है। कामन धान का समर्थन मूल्य (प्रति क्विंटल) 1,940 रुपये और ग्रेड-ए धान का मूल्य 1,960 रुपये है, जबकि मक्का का समर्थन मूल्य 1,870 रुपये था। पहले दिन ही अधिकांश किसानों को टोकन मिल गए। बारदाने की व्यवस्था में जिला विपणन कार्यालय जुटा हुआ है। बिलासपुर जिला विपणन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 91 लाख बारदाने उपलब्ध हैं। हालांकि एक करोड़ 25 लाख बारदाने खरीदी के लिए लगेंगे। जिला विपणन विभाग के अनुसार कोर पीडीएस से साढ़े चार हजार गठान बारदाने मिले हैं। एक गठान में पांच सौ बारदाने होते हैं।

कोरोना गाइड लाइन का करना होगा पालन

धान खरीदी केंद्रों में कोरोना गाइड लाइन का पालन करना जरूरी है। शासन ने इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार खरीदी केंद्रों में हाथ धोने के लिए पानी और साबून की व्यवस्था रहेगी। साथ ही किसानों को मास्क लगाना भी अनिवार्य है। साथ ही केंद्रों में भीड़ कम करने के लिए समितियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

धान तौलाई के समय शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। साथ ही जिस दिन किसानों के टोकन की बारी आएगी उस दिन उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा जाएगा। इससे अनावश्यक भीड़ कम होगी।

By admin