नईदिल्ली। वरिष्ठ टीवी पत्रकार विनोद दुआ (67) ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनकी बेटी मल्लिका ने इसकी जानकारी दी। रविवार को उनका अंतिम संस्‍कार 12 बजे लोधी क्रेमोटोरियम में किया जाएगा। विनोद दुआ को इस साल के प्रारंभ में कोरोना संक्रमित होने के बाद कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।
दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे समाचार चैनलों के लिए सेवाएं दे चुके विनोद दुआ हिंदी पत्रकारिता के जाने-माने चेहरे थे। दुआ की पत्नी पद्मावती ‘चिन्ना’ दुआ का कोविड-19 के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के बाद जून में निधन हो गया था।
विनोद और उनकी पत्नी पद्मावती को अप्रैल 2021 में कोविड की दूसरी लहर में संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों बाद पद्मावती का निधन हो गया था। इसके बाद से विनोद हालत में भी कोई खास सुधार नहीं आया। उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था।

मल्लिका ने अपने इंस्टाग्राम में लिखा है कि ‘पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है। वह हमेशा बेपहरवाह, निडर और असाधारण रहे। उनकी जिंदगी अनूठी रही। रेफ्यूजी कॉलोनी से लेकर दिल्‍ली तक उन्‍होंने 42 साल के दौरान पत्रकारिता के उच्‍चतम पैमानों का छुआ। हमेशा सच के साथ रहे। वह अब मॉम और अपनी पत्‍नी चिन्‍ना के पास पहुंच गए हैं। स्‍वर्ग में भी शायद वे एक साथ गाते, खाना बनाते, यात्रा करते हुए एक-दूसरे का सहारा बनें।’ मशहूर कमेडियन और ऐक्टर मल्लिका ने बताया कि रविवार को विनोद दुआ का अंतिम संस्‍कार 12 बजे लोधी क्रेमोटोरियम में होगा।

By admin