रायपुर। प्रदेश के वातावरण में निम्न सतह पर नमी युक्त अपेक्षाकृत गरम हवा आनी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने 28 और 29 दिसंबर को सरगुजा संभाग और उससे लगे कुछ जिलों के एक-दो स्थानों पर ओले गिरने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग के अनुसार कबीरधाम, बिलासपुर, मुंगेली, कोरिया और सूरजपुर में 28 को और सूरजपुर, सरगुजा, बलराम, जशपुर, बिलासपुर और कोरबा में 29 को ओले गिर सकते है। यानी वर्ष 2021 की विदाई बारिश और कड़ाके की ठंड के साथ होगी।

मौसम वैज्ञानिका एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में 27 दिसंबर को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। 28 दिसंबर को प्रदेश के उत्तरी भाग के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश और मध्य क्षेत्र के पश्चिमी भाग में एक दो स्थानों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 29 दिसंबर को प्रदेश के सरगुजा संभाग और बिलासपुर सम्भाग के अनेक स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के साथ दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

धान खरीदी पर दिखेगा असर

बारिश का असर धान ख़रीदी पर भी देखने को मिल सकता है। लेकिन खरीदी व्यवस्था में लगे अधिकारियों को धान को भीगने से बचाने का उपाय पहले से करना होगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि धान को बारिश के बचाने के लिए बारदानों की व्यवस्था कर लगी गई है।

इन संभागो में हो सकती है वर्षा

दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बस्तर संभाग के उत्तरी भाग में भी एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

नई साल की रात होगी सर्द

मौसम खुलने के साथ ही तापमान में गिरावट आएगी। इससे ठंड का एहसास बढ़ेगा, 31 दिसंबर की रात सबसे ज्यादा सर्द होगी। 31 दिसंबर को जब मौसम साफ होगा तब दिन का तापमान बढ़ेगा। लेकिन रात सामान्य से अधिक ठंडी हो जाएगी। नववर्ष के स्वागत की तैयारियों में ठंड से बचने के उपाय भी शामिल करने होंगे।

By admin