कोटा। बिलासपुर जिले के कोटा और सल्का के बीच गुरुवार को एक पिकअप मालवाहक पलट गया। दुर्घटना में उसमें सवार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। लगभग दर्जनभर लोगों को बिलासपुर एम्स में भर्ती कराया गया है।

जानकारी अनुसार सड़क पर चल रहे बच्चों को बचाने के चक्कर में एक तेज रफ्तार पिकअप खेत में जाकर पलट गया। जानकारी के मुताबिक पिकअप में 30 से 40 लोग सवार थे। दुर्घटना में कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई है। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना के बाद हाहाकार मच गया
पुलिस के अनुसार पिकअप कोंचरा से घुटकु छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे। चश्मदीदों ने बताया कि तेज रफ्तार से पिकअप आ रहा था। इसी दौरान स्कूली बच्चों को बचाने के चक्कर में मालवाहक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उसके बाद हाहाकार मच गया। लोग घायलों को बचाओ-बचाओ की आवाज लगा रहे थे।

घायलों में महिला व बच्चे भी शामिल
पिकअप में महिला और बच्चे भी सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई है। कोटा सामुदायिक केन्द्र में सभी घायलों को भर्ती कराया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार व पुलिस
मौके पर कोटा नायब तहसीलदार सहित कोटा और रतनपुर पुलिस टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर घायलों का जायजा लिया। घायलों को सिम्स भेजने में मदद की। 13 लोगों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, वहीं 20 से 25 लोगों का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटा में उपचार जारी है।

चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया
बताया गया कि लोगों से भरा पिकअप वाहन तेजी से दौड़ रहा था। इसी दौरान चालक ने कोटा और सल्का के बीच तेजी से दौड़ रहे वाहन से नियंत्रण खो दिया। इस कारण सेवाहन खेत में जाकर पलट गया।

By admin