सुकमा। बस्तर के धुर नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन में फोर्स को लगातार सफलता मिल रही है। फोर्स के दबाव में अब माओवादी मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं। इसलिए 2021 में 221 नक्सलियों ने सरेंडर किए।

इधर आज भी पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। किस्टाराम के पालाचलमा के पास कोबरा 208 और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है। इसमेें एक जवान शहीद हो गए हैं। वहीं कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है। शहीद जवान का नाम वीरेंद्र सिंह है।

पालाचलमा के पहाड़ियों के पास मुठभेड़ चल रही है। एसपी सुनील शर्मा ने पुष्टि की है। बताया जाता है कि मुठभेड़ में जवान वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

2021 में 7 हार्डकोर नक्सली मारे
छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन में फोर्स को लगातार सफलता मिल रही है। कई हार्डकोर नक्सली मुठभेड़ में मारे गए या फिर सरेंडर कर मुख्य धारा में लौटे हैं। फोर्स के लगातार दबाव से नक्सली बैकफुट पर हैं।

सुरक्षाबलों को अब तक मिली सफलता की जानकारी देते हुए सुकमा एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि एक जनवरी 2021 से अब तक नक्सल विरोधी अभियानों में एलओएस व एलजीएस स्तर के 4 इनामी माड़वी भीमा उर्फ बास्ता भीमा, सोयम बजारी, कवासी हुंगा, कुंजाम भीमा सहित कुल 7 नक्सली मारे जा चुके हैं। इसमें 5 लाख रुपए से एक लाख रुपए तक के हार्डकोर नक्सली शामिल हैं। बता दें कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र के गांवों तक विकास पहुंचे और शांति व्यवस्था बनी रही यही फोर्स का उद्देश्य है।

148 नक्सलियों में 28 इनामी को किया गिरफ्तार
नक्सल ऑपरेशन के मार्गदर्शक एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इस वर्ष 148 नक्सलियों, जिनमें 28 इनामी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार माओवादियों में 8 लाख रुपए के एक, 5 लाख के तीन, 3 लाख के एक, 2 लाख के एक तथा 1 लाख रुपए के 22 इनामी नक्सली शामिल हैं। गिरफ्तार नक्सलियों में एलओएस, बटालियन, एसीएम, प्लाटून स्तर के टाइगर हुंगा, सोड़ी देवा, कवासी राजू उर्फ संतू, कवासी जोगा उर्फ संदीप, कलमू माड़ा शामिल हैं।

पूना नर्कोम अभियान में सफल
एसपी शर्मा ने बताया कि नक्सलियों के विरुद्ध सुकमा पुलिस व सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है। नक्सल क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे पूना नर्कोम (नई सुबह की नई शुरुआत) अभियान से प्रभावित होकर कुल 221 नक्सलियों ने सरेंडर किया है, जिसमें 18 हार्डकोर इनामी नक्सली भी शामिल हैं।

नक्सलियों का जनाधार लगातार कमजोर
मर्पण करने वाले माओवादियों में एलओएस कमांडर/सदस्य, एरिया कमेटी सचिव, मिलिशिया कमांडर, मिलिशिया सदस्य हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस ने इस वर्ष 16 नग हथियार व सुरक्षा बल को नुकसान पहुंचाने लगाए गए 46 आईईडी भी बरामद किए हैं। एसपी ने कहा कि जिले में नक्सलियों का जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।

By admin