रायपुर। छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तीन से पांच दिसंबर तक मौसम खराब रहेगा। इसकी वजह चक्रवाती तूफान जवाद है। इसके साथ ही तापमान गिरने के वजह से ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि अंडमान सागर और उसके आस-पास एक कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो कि प्रबल होकर चक्रवाती तूफान जवाद का रूप लेकर मध्य बंगाल की खाड़ी में जल्द ही पहुंचेगा और चार दिसंबर की सुबह तक उत्तर आंध्र प्रदेश-ओडिशा तट के पास पहुंचेगा।

इस तूफान का असर तीन से पांच दिसंबर तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में खराब मौसम के रूप में दिखाई देगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में पूर्वी हवा आने के कारण गुरुवार दो दिसंबर को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। बुधवार को भी राजधानी रायपुर सहित प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। हालांकि, अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ।

न्यूनतम तापमान में आई गिरावट की वजह से रात में ठंड बढ़ गई है और सुबह के समय बाहरी इलाकों में कोहरा देखा जा सकता है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस था। प्रदेश में अंबिकापुर में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 09.8 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश के मौसम में अभी बदलाव होने को है और इससे तापमान में और गिरावट हो सकती है। जवाद चक्रवात के प्रबल होकर आग बढ़ने के कारण मौसम में बदलाव होने वाला है। अगले दो-तीन दिनों में ठंड बढ़ सकती है।

By admin