Weather Update: The hide and seek of the sun continues for two days

भिलाई। दो दिनों से छत्तीसगढ़ के मौसम में नमी के साथ सूरज की लुकाछिपी जारी है। वहीं प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम वर्षा भी हुई है। मौसम में नमी के कारण ठंड का अहसास हो रहा है हालांकि तापामान में गिरावट दर्ज नहीं किया गया है। रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं दिन का तापमान भी सामान्य ही रहा। सुबह-सुबह लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है।

इस प्रदेश के प्रमुख जिलों के तापमान की बात करें तो दुर्ग जिला सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। यहां के तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में किसी प्रकार का अंतर नहीं रहा। जिले में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 23.8 व न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में भी न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई।

मौसम विभाग के मुताबक प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओला गिरने की भी संभावना है। वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः सरगुजा संभाग और इससे लगे जिलों में  तथा बिलासपुर संभाग के पश्चिमी भाग और दुर्ग संभाग के बिलासपुर  संभाग से लगे जिले रहेंगे। मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की संभावना जताई है। प्रदेश के कबीरधाम, बेमेतरा, बिलासपुर, मुंगेली, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा तथा इससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि संभावित है।

By admin