भिलाई। नगर निगम भिलाई में बुधवार को जून कार्यालयों में अध्यक्षों का निर्वाचन संपन्न हुआ। भिलाई निगम के बाद अब जोन कार्यालयों में भी कांग्रेस ने पूरी तरह कब्जा कर लिया है। जोन क्रमांक एक नेहरू नगर में जहां निगम के सभापति पदेन अध्यक्ष हैं वही शेष चार जोन में विधिवत निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई। नेहरू नगर जोन में निर्वाचन प्रक्रिया नहीं हुईद्ध

नगर पालिक निगम भिलाई के जोन क्रमांक 5 सेक्टर-6 में सबसे पहले जोन अध्यक्ष का निर्वाचन पूरा हुआ। यहां वार्ड क्रमांक 57 से कांग्रेस के पार्षद राजेश चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। जोन क्रमांक 5 के 14 वार्डों में से 13 वार्ड में कांग्रेस के पार्षद हैं। वही केवल 1 वार्ड में भाजपा की जीत हुई थी। इसलिए यहां कांग्रेस का अध्यक्ष बनना तय था। कांग्रेस ने राजेश चौधरी को अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया और सभी पार्षदों ने इनका समर्थन किया। इस प्रकार राजेश चौधरी निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए।

3 जोन में हुए चुनाव
भिलाई निगम के जोन क्रमांक 2 वैशाली नगर, जोन क्रमांक 3 मदर टैरेसा नगर व जोन क्रमांक 4 खुर्सीपार शिवाजी नगर में अध्यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई। जोन क्रमांक 2 में कांग्रेस ने रामानंद मौर्या को प्रत्याशी बनाया वहीं भाजपा ने संतोष मौर्या को अपना प्रत्याशी घोषित किया। यहां रामानंद मौर्या ने 8 वोट पाकर अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा किया। इसी प्रकार जोन क्रमांक 3 में कांग्रेस ने संतोष नाथ सिंह व भाजपा ने विनोद चेलक को प्रत्याशी बनाया । यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी संतोष नाथ सिंह को 8 वोट मिले इस प्रकार मदर टेरेसा नगर जोन में भी कांग्रेस का अध्यक्ष बना।

टॉस ने फिर धोखा दिया भाजपा को
जोन क्रमांक 4 खुर्सीपार शिवाजी नगर में अध्यक्ष का निर्वाचन अत्यंत रोचक रह। इस जोन में भाजपा व कांग्रेस के 7-7 पार्षद निर्वाचित हुए हैं। इसलिए इस जोन पर सभी की नजर थी। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र यादव को 7 वोट व भाजपा प्रत्याशी विनोद सिंह को 7 वोट मिले। मुकाबला बराबरी पर रहने के कारण यहां टॉस से फैसला किया गया। टॉस ने एक बार फिर भाजपा को धोखा दिया और कांग्रेस प्रत्याशी भूपेंद्र यादव अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इस तरह कांग्रेस ने भिलाई निगम के सभी 5 जोन में अपने अध्यक्ष बनाएं।

 

 

By admin