रायपुर। प्रदेश में चल रहे त्रि-स्तरीय पंचायत उप चुनाव में प्रचार के दौरान बीती रात दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडा, कुल्हाड़ी और पत्थर से हमला किया। इस खूनी संघर्ष में दर्जन भर से अधिक लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल दो को बिलासपुर रेफर किया गया है। इस खूनी संघर्ष में कुछ महिलाएं को भी चोट आई है। बिलाईगढ़ पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामला बलौदाबाजार-भाठापारा जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मल्दी का है।
बिलाईगढ़ पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत मल्दी में बीती 17 जनवरी की रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ है। यहां सरपंच का उपचुनाव हो रहा है। कुल चार उम्मीदवार मैदान में है। सोमवार 17 जनवरी की रात एक प्रत्याशी के समर्थक प्रचार करते हुए किसी को धमका रहे थे कि फलां को वोट मत देना। उसके समर्थक गाली गलौज भी कर रहे थे। इसी बीच यह विवाद हुआ। बिलाईगढ़ पुलिस ने शोभित वर्मा की शिकायत पर 9 और दूसरे पक्ष के संजय साहू की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
गांव में हो रही पेट्रोलिंग
थाना प्रभारी छेदूराम साहू ने सीना को बताया कि मल्दी में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दर्जन भर लोगों को चोटें आई है। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। कुछ घायलों ने आसपास के डॉक्टरों से उपचार करवा लिया है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में पेट्रोलिंग भी कराई जा रही है। 20 जनवरी को चुनाव के दौरान अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी।