कवर्धा। धान बेचने के लिए बारदाने को लेकर नियम में बदलाव किया गया है। इससे किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब केवल 10 प्रतिशत ही बारदाने की व्यवस्था करनी होगी। पहले के जारी नियम में किसानों को बहुत परेशानी हुई। बारदाने के लिए उन्हें बड़ी राशि खर्च करनी पड़ रही थी।

बता दें कि धान खरीदी शुरू होने से पहले जिला प्रशासन के जारी फरमान में छोटे किसानों से 25 प्रतिशत और बड़े किसानों से 50 प्रतिशत बारदाना देने होंते थे। मामले में किसान सहमत नहीं थे। इससे किसान खासे परेशान रहे। बारदाने को लेकर किसानों ने नियम में बदलाव करने की मांग कर रहे थे। इस पर असहमति और परेशानी को देखते हुए कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने नियम में बदलाव करते हुए किसानों को बड़ी राहत दी है।

जिले में है 102 धान खरीदी केंद्र
नए नियम के तहत जिले में धान बेचने वाले किसानों को 10 प्रतिशत ही बारदाने देने पड़ेंगे। जिले में धान खरीदी करने के लिए 102 धान खरीदी केंद्र बनाए गए है, जिसमें से 1 लाख 14 हजार से ज्यादा किसानों ने धान बेचने पंजीयन कराए थे। वहीं प्रशासन ने इस बार 44 लाख क्विंटल धान खरीदी करने का लक्ष्य रखा है, जिसमें 26 लाख क्विंंटल धान खरीदी की जा चुकी है।

बाजार में मिल रहा था 35 रुपए में एक बारदाना
किसानों की माने तो जिले में बारदाने की कमी चल रही थी। बाजारों में बारदाने 35 से 40 रुपए में मिल रहे थे। किसानों को बारदाना खरीदने में बड़ी राशि खर्च करनी पड़ रही थी। इससे किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा था। अब नियम में बदलाव के बाद किसान राहत महसूस कर रहे हैं।

पहले कमी थी, अब चिंता नहीं
मामले में कलेक्टर रमेश शर्मा ने कहा कि पहले जिले में बारदाने की कमी थी, जिसके कारण बड़े किसानों से 50 प्रतिशत और छोटे किसानों से 25 प्रतिशत बारदाने देने की बात कही गई थी। अब जिले में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध हैं जिसको देखते हुए बाकी बचे किसानों को 10 प्रतिशत ही बारदाने देने होंगे।

By admin