बिलासपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस ऑनलाइन फ्रॉड से लोगों को बचाने के लिए लगातार मुहिम चला रही है। लोगों को समझाया जा रहा है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन में न फंसें। इसके बावजूद ठगों ने पुलिसकर्मी को ही ठग लिया। पुलिसकर्मी को चार हजार रुपये का इनाम देने का लालच देकर उसके और उसकी मां के खाते से चार लाख से ज्यादा रुपए निकाल लिए।

पीड़ित कॉन्सटेबल हरीश कौशिक ने बताया कि ठग ने उसके मोबाइल में एनीडेस्क एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद ओटीपी पूछकर पुलिसकर्मी और उसकी मां के खाते से चार लाख 20 हजार रुपए पार कर गए। सिविल लाइन पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

हरीश ने बताया कि 29 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि उसे फोन पर चार हजार रुपए का इनाम मिलेगा। इसे पाने के लिए उसे मोबाइल पर भेजे गए लिंक को खोलना है। जैसे ही कौशिक ने उस लिंक को क्लिक किया मोबाइल में AnyDesk ऐप डाउनलोड हो गया।

फोन करने वाले ने ऐप का ओटीपी मांगा। दूसरे नंबर से कॉल कर उसने आरक्षक की मां के खाते की जानकारी भी मांगी। उसके बाद जालसाजों ने उसे फोन नहीं किया।

नौ जनवरी को सिपाही के खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। उसी दिन उनकी मां लता बाई कौशिक के खाते से 22 हजार रुपये भी निकाले गए। इसके बाद 12 जनवरी को जालसाजों ने उसकी मां के खाते से तीन लाख 34 हजार रुपए निकाले।

पीड़ित सिपाही ने बताया कि नौ जनवरी को उसके और उसकी मां के खाते से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर होने पर उसने बैंक में शिकायद दर्ज कराकर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन बंद करने को कहा था।

मगर, बैंक ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसकी वजह से उनका पैसा ठग ने पार कर दिया। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

By admin