गरियाबंद। छुरा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक के अंतिम संस्कार करने के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। एक्सिडेंट के बाद युवक की रायपुर में इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। परिजनों द्वारा दोपहर में उसके शव का स्थानीय मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम संस्कार के बाद शाम को मृतक की कोरोना रिपोर्ट आई, जिसमें युवक पॉजिटिव निकला। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अस्पताल में भर्ती और अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में परिजन के साथ लोग शामिल हुए थे।

परिजन के अनुसार शहर के गढियापारा निवासी 32 वर्षीय एक युवक कुछ दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। इलाज के लिए उसे रायपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। इस दौरान युवक का कोरोना टेस्ट भी कराया गया था, लेकिन रिपोर्ट आने से पहले ही मंगलवार की सुबह उसकी मौत हो गयी।

जानकारी अनुसार निधन के बाद परिजन युवक के शव को छुरा लाकर दोपहर में धर्म के नियमानुसार स्थानीय मुक्तिधाम में उसका विधि-विधान से अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद शाम को जारी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी। इसके बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया, क्योंकि तब तक मृतक के परिजनों के संपर्क में कई लोग आ चुके थे।

इस मामले पर छुरा बीएमओ डॉ. सुनील भारती ने मृतक के कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की पुष्टि करते हुए सभी को जांच कराने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट में गरियाबंद जिले में मंगलवार को बड़ी संख्या में कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। जिले में 39 कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है।

जानकारी अनुसार जिले में एक्टिव मरीजों के आंकड़े ने भी शतक पार कर लिया है। जिले में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 135 पार पहुंच गया है। प्रदेश के आंकड़ो में भी बढ़ौतरी देखी गयी। प्रदेश में 5614 मरीज सामने आए है। बता दें कि देश के साथ प्रदेश में लोग संक्रमण को लेकर जिम्मेदार नहीं दिख रहे हैं। अब भी वे भीड़ वाली जगहों पर किसी न किसी बहाने से जा रहे हैं। खुद को संक्रमित होते हैं, चार लोगों को भी संक्रमित कर रहे हैं।