रायपुर। तीन दिनों के सरगुजा दौरे पर रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ऐहतियातन सरगुजा के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए। सर्दी-खांसी की शिकायत के बाद वे रविवार दोपहर बाद रायपुर लौट आए। यहां उनका कोरोना की एंटीजन जांच हुई है। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पिछले तीन दिनों से सरगुजा दौरे पर थे। वहां उन्होंने स्थानीय नेताओं और समर्थकों से मुलाकात की। वहीं एक जनवरी को उन्होंने स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह के साथ शिक्षण से जुड़ी दो योजनाओं की शुरुआत की। इस बीच उनकी तबीयत कुछ खराब हुई।

दौरे के दौरान सर्दी-खांसी होने के बाद सिंहदेव ने एहतियातन अपने सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए। शुरुआती जांच के बाद सिंहदेव शाम 4 बजे तक रायपुर लौट आए। बताया गया, उनकी कोरोना जांच की एंटीजन रिपोर्ट निगेटिव आई है।

पिछली बार कोरोना से संक्रमित हो गए थे मंत्री
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एक बार कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। मार्च 2021 में सिंहदेव कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इस दौरान हाेम आइसोलशन में उनका इलाज चला था। वर्तमान में सभी को पता है कि पूरे देश में कोरोना का संक्रमण बड़ी तेजी से एक बार फिर फैलने लगा है। खासकर ओमिक्रान से लोगों में डर समाया हुआ है। छत्तीसगढ़ में मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ते संख्या में है। इसलिए मंत्री ने सावधानी बरतते हुए अपने को आइसोलेशन कर लिया।

By admin