रायपुर। विधानसभा पुलिस ने घरेलू विवाद पर पत्नी को मिट्टी तेल डालकर जलाने वाले पति को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी को गंभीर हालत में उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हाउसिंग बोर्ड कालोनी पिरदा विधानसभा रायपुर निवासी विकास अग्रवाल ने थाना विधनसभा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके कम्पाउंड में सुरेन्द्र सेन नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ रहता है। वह अक्सर शराब पीकर लडाई झगड़ा करता है। 14 जनवरी 2022 को रात करीब 9 बजे प्रार्थी अपनी पत्नी के साथ टहल रहा था। इसी दौरान सुरेन्द्र के घर अंदर मारपीट का आवाज आ रही थी।
सुरेंद्र की पत्नी चिल्ला रही थीं। जो कुछ देर बाद शांत हो गई। कुछ समय बाद सुरेन्द्र सेन अपने मोटर सायकल को लेकर बाहर निकला और करीब 10-15 मिनट बाद आया तो उसके मोटर सायकल से मिट्टी तेल की बदबू आ रही थी। रात्रि करीब 9.55 बजे सुरेन्द्र सेन की पत्नी की चीखने पुकारने की आजाव सुनकर प्रार्थी व अन्य लोग जाकर देखें तो सुरेन्द्र की पत्नि कुन्ती सेन आग से जल रही थी उसका पति सुरेन्द्र मोटर साइिकल लेकर वहां से भाग गया। प्रार्थी व अन्य लोग कुन्ती सेन पर लगे आग को बुझाकर उपचार हेतु उसे 108 वाहन से मेकाहारा अस्पताल भेजे, जहां उसका उपचार जारी है। सुरेन्द्र सेन अपनी पत्नी की हत्या करने की नियत से उसके उपर मिट्टी तेल डालकर आग लगा दिया था।
जिससे वह गंभीर रूप से जल गई। जिस पर आरोपी सुरेन्द्र सेन के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 22/22 धारा 307 भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया। विधानसभा पुलिस ने आरोपी की पतासाजी करते हुए उसके छिपने के हर संभावित स्थानों में लगातार रेड कार्यवाही कर अंततः गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घरेलू विवाद को लेकर पत्नी को आग से जलाना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध अग्रिम कार्यवाही की।

By admin