भिलाई। नगरी निकाय चुनाव के अंतर्गत प्रदेश के 4 नगर निगमों में हुए चुनाव के बाद सोमवार को भिलाई चरोदा नगर निगम में महापौर व सभापति के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। महापौर के लिए कांग्रेस ने जहां निर्मल कोसरे को मैदान में उतारा है वहीं भारतीय जनता पार्टी ने नंदनी जांगड़े को खड़ा किया है। इसी प्रकार सभापति के लिए कांग्रेस की ओर से कृष्णा चंद्राकर व भाजपा की ओर से चंद्र प्रकाश पांडे ने नामांकन दाखिल किया है। दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक मतदान की प्रक्रिया होगी इसके बाद महापौर व सभापति की घोषणा कर दी जाएगी। वही तीन सदस्य अपील समिति का चुनाव भी किया जाएगा।

इससे पहले नगर निगम भिलाई चरोदा 40 पार्षदों को जिला कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कलेक्टर ने 5-5 पार्षदों को कतार बंद कर शपथ दिलाई गई। शपथ के बाद महापौर व सभापति चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। 11:00 से 12:00 तक नामांकन दाखिले का समय था। निर्धारित समय में दोनों पार्टी प्रत्याशियों ने अपने अपने नामांकन दाखिल किए।

 भिलाई चरोदा निगम की यह है तस्वीर

भिलाई चरोदा निगम में चुनाव के बाद यहां के 40 वार्डों में से 19 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते हैं। वहीं 15 वार्डों में भाजपा के पार्षद है 6 वार्डों में निर्दलीय पार्षदों ने कब्जा किया है। कांग्रेस पार्टी 2 सीट से बहुमत पाने से चूक गई लेकिन चार निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन दे दिया है। इससे कांग्रेस के 23 पार्षद हो गए हैं। कांग्रेस को यहां बहुमत है इसके बाद भी भाजपा ने वॉक ओवर देने के बजाय अपना प्रत्याशी उतार दिया है। क्रॉस वोटिंग से बचाने के लिए कांग्रेस ने पहले से ही पार्षदों को अज्ञातवास पर भेज दिया था। आज सुबह शपथ ग्रहण के समय ही सभी पार्षद निगम कार्यालय पहुंचे। संभावना यही है कि भिलाई चरोदा निगम में कांग्रेस का महापौर व सभापति बनेंगे।

By admin