रायपुर। रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में विभाग की आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। जहां पुलिस जवानों को उन्होंने नव वर्ष की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों से कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों और जवानों दोनों की जय-जयकार हो रही है। मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाला वर्ष सभी के लिये आरोग्यता और समृद्धि लेकर आये।

सीएम ने कहा कि कड़ाके की ठंड में हमारे जवान रातभर गश्त करते हैं, तब हम सब चैन की नींद सो पाते हैं। मुझे संतोष है कि नक्सल क्षेत्र में हमारी पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। नक्सली समस्या केवल कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है बल्कि ये राजनैतिक और सामाजिक समस्या भी है। हम नक्सलियों की मांद में जाकर कैंप खोल रहे हैं। वहां के वनवासी पुलिस को अपना मित्र मानते हैं। पुलिस कैंपो से बाहर निकलकर लोगों से घुल-मिल रही है। ग्रामीणों की मदद कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में दंतेश्वरी फाईटर्स की कमांडो से उनके अनुभव भी पूछे। डीएसपी आशारानी ने बताया कि पुलिस लोगों को विश्वास में लेकर कार्य कर रही है। उनके सुख-दुख में हम साथ देते हैं। इसलिये कैंपों का लोग विरोध नहीं कर रहे हैं। अभी हाल ही में नहाड़ी गांव में कैंप खोला गया है। वहां हमने नागरिकों को पेयजल उपलब्ध हो सके इसके लिये 20 बोर कराये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों द्वारा उनके लिये जो विकास कार्य किये जा रहे हैं।

आपके निर्देश पर कोरबा पुलिस ने सबसे पहले जनदर्शन शुरू कर लोगों की समस्याओं का समाधान करना शुरू कर दिया है। हमारे जिले में आपकी मंशानुरूप ’खाकी के रंग स्कूल के संग’ कार्यक्रम चलाकर युवाओं को पुलिस से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों की आज पूरे देश में प्रशंसा हो रही है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अपशब्द कहने वाले को हमारी पुलिस तत्काल पकड़कर ले आयी। भारत सरकार द्वारा भी लगातार छत्तीसगढ़ पुलिस को पुरस्कार प्राप्त हो रहे हैं। अभी हाल ही में एनसीआरबी द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस को बेहतर कार्य के लिये देश में दूसरा स्थान मिला है।

मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के लिये ’अभिव्यक्ति’ एप लॉन्च किया- मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने महिला सुरक्षा हेतु छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति एप को लॉन्च किया। इस एप के जरिये महिलाएं आपात स्थिति में पुलिस की तत्काल मदद ले सकेंगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में पुलिस जवानों से देशभक्ति गीत गुनगुनाने को कहा।

इस अवसर पर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने संबोधित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ पुलिस ने विगत तीन वर्षों में बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। नक्सली गतिविधियां काफी कम हो गयी हैं। चिटफंड पीड़ितों को 11 करोड़ से अधिक राशि वापस मिल चुकी है। पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक अवकाश मिलने लगा है।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, एडीजी प्रदीप गुप्ता, जनसंपर्क आयुक्त दीपांशु काबरा, आईजी रायपुर डॉ आनंद छावड़ा, एसएसपी रायपुर प्रशांत अग्रवाल, पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

By admin