भिलाई। नगरी निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद नगर निगम भिलाई व नगर निगम रिसाली में शनिवार को महापौर व सभापति ने अपने पदभार ग्रहण किए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दोनों निगमों में महापौर व सभापति को पदभार ग्रहण करवाया। इस दौरान प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर,  गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव सहित दोनों नगर निगम के पार्षद बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण का पहला कार्यक्रम नगर निगम रिसाली में हुआ। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां दोपहर 12:00 बजे पहुंचे और तय समय पर रिसाली निगम की पहली महापौर शशि सिन्हा को उनके कक्ष में जाकर पदभार ग्रहण कराया। वहीं सभापति के रूप में केशव कुमार बंछोर को भी उनके कक्ष में पहुंचकर पदभार ग्रहण करवाया। शशि सिन्हा रिसाली नगर निगम के वार्ड 9 से पार्षद चुनी गई और केशव बंछोर वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद हैं। भिलाई निगम से अलग होने के बाद रिसाली निगम में पहली बार चुनाव हुए और यह कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिला। 5 जनवरी को रिसाली निगम में महापौर व सभापति का निर्वाचन संपन्न हुआ जिसमें कांग्रेस की शशि सिन्हा महापौर बनी तथा केशव बंछोर सभापति निर्वाचित हुए।

रिसाली निगम में महापौर शशि सिन्हा ने संभाला पद

भिलाई निगम में भी सीएम बघेल ने कराया पदभार ग्रहण
रिसाली निगम के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सीधे नगर पालिक निगम भिलाई पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने महापौर व सभापति का पदभार ग्रहण करवाया। सीएम बघेल दोपहर 1:15 बजे भिलाई निगम पहुंचे और महापौर नीरज पाल का पदभार ग्रहण कराया। इसी प्रकार सभापति गिरवर बंटी साहू का भी पदभार ग्रहण करवाया। भिलाई निगम में नीरज पाल पांचवे महापौर बने हैं। वही गिरवर बंटी साहू भी पांचवे सभापति निर्वाचित हुए हैं। 6 दिसंबर को भिलाई निगम में महापौर व सभापति का निर्वाचन हुआ था। जिसमें कांग्रेस के नीरज पाल व गिरवर बंटी साहू क्रमश: महापौर व सभापति के रूप में निर्वाचित हुए। शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में दोनों ने अपना अपना पद संभाला।

By admin