रायपुर। प्रदेश के बिलासपुर जिले के एक धान खरीदी केंद्र में बुधवार शाम अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगी। आग लगने की सूचना पर मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंची। पुलिस और जिला प्रशासन के अफसर भी मौके पर पहुंचे। आगजनी की इस घटना में केंद्र में रखा हजारों क्विंटल धान और भूसा जलकर खाक हो गया।

धान संग्रहण केंद्र के पास अलाव जलाने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आगजनी में कितना नुकसान हुआ है इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। बिलासपुर के मोपका स्थित धान खरीदी केंद्र में बुधवार की शाम अचानक आग लग गई। घटनास्थल पर मौजूद अफसर आशंका जता रहे है कि शरारती तत्वों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया होगा। आग भूसा से होते हुए धान तक पहुंचा है। मोपका धान संग्रहण केंद्र में साल 2012-13 का पुराना धान रखा हुआ था। वहीं धान को रखने के लिए बड़ी मात्रा में भूसे की बोरियां भी रखी गई थी।

रखा था एक लाख क्विंटल पुराना धान
आग की लपटें तेजी से फैलते हुए पुराने खराब धान की बोरियों तक पहुंच गईं। धान की बोरियों को भी आग ने अपने चपेट में ले लिया, जिससे बड़ी मात्रा में पुराना खराब धान और भूसा जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना दमकल को दी गई। करीब एक दो घंटे की मशक्कत से दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। इधर आग बुझाने के बाद अब विभाग ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि, बीते वर्ष से मोपका धान संग्रहण केंद्र को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण यहां नए धान का संग्रहण नहीं किया जा रहा है। साल 2012-13 का करीब एक लाख क्विंटल खराब धान यहां संग्रहित है।