रायपुर। 12 जनवरी बुधवार को राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय युवा दिवस भारत के उन नौजवानों और युवाओं को समर्पित है, जो देश के भविष्य को बेहतर और स्वस्थ बनाने का क्षमता रखते हैं। भारतीय युवा दिवस को 12 जनवरी को मनाने की एक खास वजह है। इस दिन स्वामी विवेकानंद का जन्म हुआ था।

12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती होती है। उनकी जयंती को देश हर साल राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाता है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महान दार्शनिक और विश्व विख्यात आध्यात्मिक गुरू स्वामी विवेकानंद की जयंती ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।

स्वामी विवेकानंद की राजधानी रायपुर से यादें जुड़ी हुई है। राजधानीवासियों का यह गौरव है कि स्वामी विवेकानंद ने अपने बचपन का काफी समय यहां बिताया। बचपन में उन्होंने रायपुर मालवीय रोड से बूढ़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित डे भवन में रहकर पढ़ाई की। इतिहासकारों की मानें तो इस मकान में आज भी उनकी उपयोग की गई वस्तुएं सुरक्षित हैं। जब स्वामी जी यहां आए थे, तब स्वामी विवेकानंद की उम्र 14 वर्ष की थी।

वे मेट्रोपोलिटन विद्यालय की तीसरी कक्षा (आज की कक्षा आठ के समकक्ष) में पढ़ रहे थे। इतिहासकार डॉ. रमेंद्रनाथ मिश्र बताते हैं कि स्वामी विवेकानंद अपने पिता विश्वनाथ के साथ वर्ष 1877 में रायपुर आए थे। स्वामी जी के पिता पेशे से वकील थे। वकालत के कार्य से रायपुर आए थे और अपने दोस्त राय बहादुर डे के यहां ठहरे हुए थे। बता दें कि रायबहादुर भूतनाथ डे चेरिटेबल ट्रस्ट बूढ़ापारा रायपुर का भवन, जहां वर्तमान में हरिनाथ अकादमी का स्कूल संचालित है।

कौन थे स्वामी विवेकानंद

स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था। स्वामी विवेकानंद का असली नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। वह वेदांत के विख्यात और प्रभावशाली आध्यात्मिक गुरु थे। छोटी उम्र से ही उन्हें अध्यात्म में रुचि हो गई थी। पढ़ाई में अच्छे होने के बावजूद जब वह 25 साल के हुए तो अपने गुरु से प्रभावित होकर नरेंद्रनाथ ने सांसारिक मोह माया त्याग दी और संयासी बन गए। संन्यास लेने के बाद उनका नाम विवेकानंद पड़ा। 1881 में विवेकानंद की मुलाकात रामकृष्ण परमहंस से हुई।

अपने परिवार को बुलाया स्वामी जी ने इस घर में

बताया जाता है कि बाद में स्वामी जी के पिता ने अपने परिवार के सभी सदस्यों को रायपुर बुलाने की सोची। फिर स्वामी विवेकानंद अपने छोटे भाई महेन्द्र दत्ता, बहन जोगेंद्रबाला और मां भुवनेश्वरी देवी को रायपुर ले आए थे। स्वामी विवेकानंद का बचपन रायपुर के जिस डे भवन में बीता था, उसे सहेजने का कार्य सरकार करने जा रही है। रायपुर के बूढ़ापारा स्थित डे भवन को ऐतिहासिक धरोहर के रूप में स्थापित किया जाएगा और इसे स्थायी संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार की केबिनेट फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि स्वामी विवेकानंद के विचारों ने संपूर्ण समाज को एक नई दिशा दी है। उन्होंने अपने उपदेशों और ओजस्वी व्याख्यानों से देश-दुनिया को मानव जाति की सेवा का मार्ग दिखाया। स्वामी जी के ‘उठो,जागो और तब तक नहीं रूको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाये‘ जैसे कई सूक्त वाक्य आज भी युवाओं को नई ऊर्जा से भर देते हैं।

By admin