भिलाई। नगर पालिक निगम रिसाली में बुधवार को सुबह 10:00 बजे कलेक्टर सर्वेश्वर नरेंद्र घोड़े ने निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। 40 वार्डो के पार्षदों ने 5-5 की कतार में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद अब महापौर व सभापति चुनाव को लेकर गहमागहमी का माहौल है।

उल्लेखनीय है कि नगर पालिक निगम रिसाली में पहली बार चुनाव हुए हैं। 40 वार्डों में से 21 वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते हैं। 12 वार्डों में भाजपा के पार्षद व 7 वार्डों में निर्दलीय पार्षद विजयी हुए हैं। इस प्रकार रिसाली निगम में कांग्रेस बहुमत में है। वहीं पांच निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस पार्टी को समर्थन दे दिया है जिसके कारण रिसाली नगर निगम में कांग्रेस का महापौर व सभापति बनना तय माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से महापौर की दौड़ में सोनिया देवांगन,  शशी सिन्हा व सीमा साहू बनी हुई हैं। वहीं सभापति को लेकर केशव बंछोर व चंद्रभान सिंह ठाकुर के नाम चल रहे है।

इधर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस को सीधे वॉकओवर देना नहीं चाह रही है। बहुमत नहीं होने के बाद भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि भारतीय जनता पार्टी अपने कैंडिडेट खड़े करेगी। शपथ ग्रहण समारोह में सांसद विजय बघेल की मौजूदगी से इसका अंदेशा लग रहा है। भाजपा के पास फिलहाल 14 पार्षदों का आंकड़ा है बहुमत के लिए इन्हें 7 पार्षद और जुटाने हैं जबकि कांग्रेस के लिए स्थिति पूरी तरह साफ है।

By admin