रायपुर। निलंबित आईपीएस जीपी सिंह को एसीबी की टीम ने मंगलवार को विशेष न्यायाधीश लीना अग्रवाल की कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने जीपी सिंह को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दे दिया है। बतादें कि आय से अधिक संपत्ति मामले में जीपी सिंह को पुलिस ने गुरुग्राम से पिछले मंगलवार को पकड़ा था। तब से जीपी सिंह ACB के रायपुर स्थित दफ्तर में पुलिस रिमांड पर थे।

जीपी सिंह ने अफसरों की पूछताछ में कोई जवाब नहीं दिया। मंगलवार को जीपी सिंह की रिमांड खत्म हुई। अदालत ने फैसला सुनाते हुए जीपी सिंह को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने के आदेश दिए है। बतादें कि पिछली बार कोर्ट परिसर में जीपी सिंह ने कहा था कि ये पॉलिटिकल विक्टमाइजेशन का मामला है। जीपी सिंह कह चुके हैं कि जो एफआईआर उनके खिलाफ दर्ज की गई है वो पूरी तरह से गलत है। जो संपत्ति उनके नाम बताई जा रही है वो भी उनकी पैतृक संपत्ति है। हालांकि तमाम तर्कों-वितर्कों के बाद जज ने श्री सिंह को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

11 जनवरी को गुरुग्राम से किया गिरफ्तार

बतादें कि आय से अधिक संपत्ति मामले में 11 जनवरी को जीपी सिंह को गिरफ्तार किया गया था। जीपी सिंह को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया। 12 जनवरी को पहली बार कोर्ट में पेश किया गया था। जहां कोर्ट ने दो दिन की पुलिस को रिमांड दी थी। वहीं दो दिन की रिमांड पूरी होने पर 14 जनवरी को फिर जीपी सिंह को पेश किया गया था। जिस पर कोर्ट ने 14 जनवरी को 4 दिन की रिमांड दी थी। रिमांड पूरी होने पर आज 18 जनवरी को फिर जीपी सिंह को पेश किया गया है।