जगदलपुर। सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज का विवाद हमेशा की तरह फिर सामने आया है। इस बार बीती रात डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी होने के बाद मामला सामने आया है। इसे लेकर जूनियर डॉक्टर धरना-प्रदर्शन पर बैठे हैं।

प्रदर्शन में महिला चिकित्सक से बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। बीती रात से लेकर यह हंगामा आज सुबह तक चलता रहा। बता दें कि छ्त्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टरों की नाराजगी से सभी वाकिफ हैं। कुछ महीने से पूरे प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में किसी न किसी कारण से जूनियर डॉक्टर नाराज हैं। इस बार मामला बस्तर संभाग के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज का है।

यहां से शुरू हुआ विवाद
जानकारी अनुसार बीते दिनों किसी चाकूबाजी की घटना में घायल युवक का इलाज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। मरीज से मिलने उसके कुछ दोस्त वार्ड में आए थे। इसी समय एक महिला चिकित्सक मरीज की जांच करने पहुंची थी। आरोप है कि तभी मरीज के दोस्तों में से एक ने किसी बात पर महिला डॉक्टर से बदसलूकी कर दी।

बहस के बाद युवकों की डॉक्टरों ने पिटाई कर दी
मामले में घटना की जानकारी होने पर जूनियर डॉक्टरों में नाराजगी फैल गई। वे दोषी युवक को ढूंढने लगे। युवकों के मिलते ही जूनियर डॉक्टरों की युवकों से बहस हुई और फिर डॉक्टरों ने युवकों की जमकर पिटाई कर दी।

युवकों के अनुसार मामला कुछ और निकला
विवाद की सूचना पर पुलिस के अधिकारी जवानों के साथ कॉलेज पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह जूनियर डॉक्टरों को समझाया। उसके बाद युवकों को बचाकर कॉलेज से बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस के अनुसार जांच में युवकों के बताए अनुसार मामला कुछ और निकला। युवकों के अनुसार उन्होंने नहीं, बल्कि उनके ही साथी ने महिला डॉक्टर से बदसलूकी की है जिसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने दोषी युवक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया।

पुलिस से हुई डॉक्टरों की बहस
इस दौरान जूनियर डॉक्टरों और पुलिस के बीच काफी देर तक बहस हुई। इससे नाराज जूनियर डॉक्टरों पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अस्पताल में हंगामा देर रात से लेकर सुबह तक चलता रहा। बदसलूकी करने वाला युवक मौके से फरार हो गया है। उसके बाद से पुलिस युवक को तलाश कर रही है।

By admin