रायपुर। नगर निगम रायपुर ने मांगलिक आयोजनों के लिए उपयोग होने वाले बर्तनों को लेकर सराहनीय कदम उठाया है। शादी-ब्याह जैसे फंक्शनों में आर्थिक बचत के तहत कम किराए पर बर्तन की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके लिए तीन जगहों पर बर्तन बैंक शुरू किया गया है।

निगम महापौर एजाज ढेबर ने इसकी शुरूआत की है। इसका मकसद सार्वजनिक आयोजनों को प्लास्टिक से मुक्त कराना है। बर्तन बैंक में स्टेन लेस स्टील के बर्तन शामिल किए गए हैं जो जरूरत के मुताबिक मुहैया कराया जाएगा।

बर्तन बैंक का उद्देश्य शादी-ब्याह और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल होने वाले डिस्पोजेबल प्लॉस्टिक के इस्तेमाल को कम करना है ताकि शहर को साफ-सुथरा बनाने में मदद मिल सके। जानकारी दे दें कि स्वच्छता के मामले में रायपुर नगर निगम अपनी रैंकिंग सुधारने के लिए राजधानी के हर वार्ड, मोहल्लों में नो पॉलीथिन महाभियान के जरिए लोगों को जागरूक कर रहा है।

यहां मिलेगी बर्तन बैंक की सुविधा
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत इस बैंक का संचालन महिला स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों के माध्यम से किया जाएगा। किराए से आने वाली राशि स्व-सहायता समूहों को दी जाएगी। इस पहल से खासकर निम्न और मध्यम आय वर्ग के लिए बड़ी राहत मिलेगी।

कम दामों पर ले सकेंगे सुविधा
इसके लिए 3 बर्तन बैंक, नगर निगम जोन 4 के चांदनी चौक में, जोन 7 के ऑफिस में, जोन 8 में माघव राव सप्रे वार्ड क्रमांक 69 रायपुरा के सामुदायिक भवन में शुरू किए गए हैं। महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि बर्तन बैंक के बर्तन किराए पर बेहद कम कीमतों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

पर्यावरण के लिए बड़ा खतरा साबित हो रहा है प्लॉस्टिक
बता दें कि इससे पर्यावरण पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। प्लॉस्टिक की वजह से हर जगह परेशानियां बढ़ती जा रही है। उपजाऊ भूमि बंजर होती जा रही है। पेड़-पौधों के विकास में बाधा पहुंच रही है। वहीं मानव शरीर पर भी इसका विपरीत प्रभाव प़ड़ रहा है। इसके लगातार उपयोग से अनेक तरह की शारीरिक परेशानियां बढ़ती जा रही है। वहीं नालियों में प्लॉस्टिक के चले जाने से जाम की स्थिति बनती है। वहीं जल स्रोतों में बाधा पहुंचती है। पर्यावरण पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इसलिए इसके उपयोग पर प्रतिबंध आवश्यक हो गया है।

By admin