रायपुर। छत्तीसगढ़ का मौसम रविवार को एक बार फिर बदल गया। रविवार 9 जनवरी को शाम होते-होते प्रदेश के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में ओले गिरने की संभावना व्यक्त की है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तर पूर्व राजस्थान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा स्थित है। यहीं से एक द्रोणीका पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, होते हुए मराठवाड़ा तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

कल दिनांक 10 जनवरी को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश के सरगुजा संभाग बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग के उत्तरी भाग और रायपुर संभाग के उत्तरी भाग में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ ओलावृष्टि भी संभावित है। अधिकतम तापमान में सार्थक गिरावट होने की भी संभावना है।

गरज के साथ पड़े छींटे

छत्तीसगढ़ का मौसम अचानक बदलाव शाम को बादलों के घेरे के साथ ठंडी हवाओं ने मौसम का रुख बदल दिया अचानक हुई तेज बारिश के कारण तापमान में भी अंतर आया। रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, बिलासपुर आदि जिलों में बारिश हुई। वहीं कुछ कुछ जगहों पर गरज के साथ छींटे भी पडे।

इन जिलों में होगी ओलावृष्टि

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन के अंदर ओले गिरने की संभावना है। प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, पेण्ड्रा, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, मुंगेली, कबीरधाम, बेमेतरा, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर तथा महासमुंद और उससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ ओलावृष्टि होने की संभावना है। इसके लिए आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

सीमावर्ती मध्य प्रदेश में हो रही बारिश

प्रदेश में मौसम बदलने के साथ मध्य प्रदेश का भी मौसम बदला हुआ है।  छत्तीसगढ़ से लगे मंडला जिले के इलाके में भी रविवार दोपहर से बारिश हो रही है। वहीं ठंडी हवाएं चल रही है। बतादें कि बीते दिनों भी इन इलाकों में जमकर बारिश होने के साथ ओले गिरे थे।

 

By admin