रायपुर। राजिम माघी पुन्नी मेला में पुण्य स्नान के लिए निकली भिलाई की महिलाएं हादसे की शिकार हो गई। रायपुर के अभनपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई। हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई। वहीं ड्राइवर सहित महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायल महिलाओं को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार भिलाई के सुभाष नगर निवासी 11 महिलाएं आज सुबह राजिम माघी पुन्नी मेला जाने के लिए कार से निकली थी। राजीव संगम में पुण्य स्नान करने या महिलाएं जा रही थी। रायपुर क्रॉस करते समय अभनपुर के केंद्री के पास इनकी कार डिवाइडर से टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जाइलो कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अस्पताल में दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में  सुचिता साहू (65), काजल (60), सविता दास (65), रीना चौधरी (75), रीना दास (75) व अर्चना मोला (40) की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और राहत कार्य शुरू कर दिया। हादसे के बाद मौके पर तीन महिलाओं की मौत हो गई, वहीं दो महिलाओं ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घायल महिलाओं का अंबेडकर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतक महिलाओं के परिजनों को दी गई है।

पुलिस का अनुमान है कि अल सुबह निकलने के कारण ड्रायवर को झपकी आई। जिस जगह पर हादसा हुआ वहां सड़क निर्माण का काम प्रगति पर है। संभावना जताई जा रही है ड्रायवर को झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई और हादसे का शिकार हुए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सड़क हादसे में महिलाओं की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जारी संदेश में कहा है कि मृतकों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। वहीं दुर्घटना में घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम बघेल ने परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।