सीना डेस्क। अब रानू मंडल ‘कच्चा बादाम’ गाने को अपने अंदाज में गाकर चर्चा में हैं। रानू के सिंगिंग वीडियो को लोग पंसद कर रहे हैं। कुछ समय पहले लता मंगेशकर का गाना गाकर रानू मंडल प्रसिद्ध हुई थीं। जिसके बाद रानू ने हिमेश रेशमिया के साथ गाना भी गाया।

बता दें कि सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कच्चा बादाम’ सॉन्ग का क्रेज है। इस गाने को गाने वाले भुबन बड्याकर रातों-रात सोशल मीडिया स्टार बन गए। अभी रानू मंडल का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो भुबन बड्याकर का कच्चा बादाम गाती नजर आ रही हैं। उन्होंने इस गाने को अपने अंदाज में गाया है। जिस पर रानू के फैंस ने प्रतिक्रिया दी। कुछ फैंस ने रानू की तारीफ की, तो कुछ रानू और भुबन की तुलना करते नजर आए।

वर्ष 2019 में रानू मंडल लाइमलाइट में आईं थी। रानू का ‘एक प्यार का नगमा है’ गाना गाते हुए वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद रानू रातों-रात स्टार बन गईं थीं। उसके बाद उन्होंने सिंगर हिमेश रेशमिया की फिल्म हैप्पी हार्डी एंड हीर के लिए गाना गया था। ये गाना भी खूब पसंद किया गया था, लेकिन रानू मंडल की ये प्रसिद्धि ज्यादा दिनों तक नहीं टिकी और वह वापस अपनी दुनिया में आ गईं, लेकिन अक्सर उनकी कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती हैं।

भुबन ने बताया-कि उन्हें गाने के लिए पैसे नहीं मिले थे
कच्चा बादाम के सोशल मीडिया पर फेमस होने के बाद भुबन बादायकर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने एक म्यूजिक कंपनी के साथ कच्चा बादाम गाना रिकॉर्ड किया था। इस गाने को ऑडियो और वीडियो दोनों में रिकॉर्ड करवाया गया था, लेकिन इस गाने के लिए उन्हें उनके पैसे नहीं दिए गए। इसके अलावा लोग आते हैं और उनके साथ वीडियो बनाकर चले जाते हैं, लेकिन उन्हें उनका हक नहीं मिलता है। उसके बाद लोग मांग करने लगे कि भुबन को उनका हक दिया जाए।

मूंगफली बेचते हैं भुबन बादायकर
बांग्ला भाषा में कच्चा बादाम गाने के ओरिजनल सिंगर भुबन बादायकर एक मूंगफली विक्रेता हैं। वह इस गाने को गाकर अपनी मूंगफली बेचते हैं, ताकि ग्राहक आकर्षित हो सकें। बहरहाल इस गाने की वजह से अब भुबन बादायकर के भी दिन बदल गए हैं। दरअसल जिस म्यूजिक कंपनी ने भुबन से ये गाना रिकॉर्ड करवाया था, उस म्यूजिक कंपनी ने उन्हें तीन लाख का चेक दिया है। वहीं उनके साथ एक नया कॉन्ट्रैक्ट भी साइन किया है। कंपनी ने ये भी कहा है कि इसके लिए वह भुबन को डेढ़ लाख रुपए भी दे चुकी हैं।