सीआईएनए, डेस्क। क्या आप जानते हैं छत्तीसगढ़ में एक ऐसा फूल खिलता है जो मानसून आने का संकेत देता है। यह खास तरह का फूल मानसून के आने से पहले खिलते हैं। इस फूल के खिलने से लोग समझ जाते हैं कि जल्द ही मानसून आने वाला हैं। इस दुर्लभ फूल का नाम है डिकामाली जो कि पेंड्रा के जंगलों में खिल गया है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ में जल्द मानसून आने के संकेत मिल गए हैं।

छत्तीसगढ़ के जंगलों में खिलने वाला डिकामाली का यह फूल काफी खास होता है। इस फूल की खुशबू काफी दूर तक फैलती है जिससे कि ग्रामीणों का अंदाजा हो जाता है मानसून नजदीक है। इस फूल की खास बात यह है कि यह गर्मी की विदाई व मानसून की दस्तक देने के लिए ही खिलता है। पेंड्रा के जंगलों में इस फूल के खिलने के बाद दूर दूर तक इसकी खुशबू फैल गई है जिससे की यहां ग्रामीणों ने अंदाजा लगा लिया है कि मानसूनी बारिश अब नजदीक है।

जानें क्या कहता है मौसम
इधर मौसम विभाग का कहना है कि मानसून में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। केरल से निकलकर मानसून अभी महाराष्ट्र में पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ में अभी तक प्री मानसूनी बारिश नहीं हुई है। जबकि जून के पहले सप्ताह में एक झड़ी जरूर लगती थी। इसकी वजह से माना जा रहा है कि मानसून को आने में समय लग सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह मानसून की दस्तक होगी।