सीआईएनए, भिलाई। विधायक देवेन्द्र यादव ने वायनाड़ में राहुल गांधी के दफ्तर पर हमले की निंदा की है। उन्होंने वायनाड़ दफ्तर में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं के हमले का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों को पहले राहुल गांधी के व्यक्तित्व के बारे में जान लेना चाहिए।

बता दें कांग्रेस नेता व वायनाड़ से सांसद राहुल गांधी के वायनाड स्थित दफ्तर में स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। बताया जा रहा है कि SFI के कार्यकर्ता सुप्रीम कोर्ट के हाल ही में लिए गए फैसले से नाराज चल रहे थे। इसी वजह से ये प्रदर्शन किया गया और SFI के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के ऑफिस में तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया।

राहुल गांधी के दफ्तर में तोड़फोड़ किए जाने से वहां काम कर रहे स्टाफ को भी चोटें आई हैं। केरल कांग्रेस ने कहा है कि इस घटना के संबंधित जो वीडियो सामने आए हैं उनमें स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि किस प्रकार SFI के कार्यकर्ता तोड़फोड़ कर रहे हैं। इनमें से एक वीडियो भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने भी शेयर किया है। जिसमें SFI के कार्यकर्ताओं को तोड़फोड़ करते देखा जा सकता है।

प्रतिष्ठित नेता है राहुल गांधी : देवेन्द्र
भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने कहा है कि राहुल गांधी देश के प्रतिष्ठित नेता है और उनके दफ्तर में इस प्रकार तोड़फोड़ अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने केरल की लेफ्ट सरकार पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दफ्तर में तोड़फोड़ करने वाले उनके व्यक्तित्व को नहीं जानते हैं। वे लगातार वायनाड़ से जुड़े मुद्दों को संसद में उठा रहे हैं और केन्द्र सरकार से हक के लिए लड़ रहे हैं।