दंतेवाड़ा। नक्सलियों ने यहां के एक पुलिस कैंप पर हमला कर दिया। नक्सलियों ने फायरिंग के साथ ही ग्रेनेड भी दागे। जंगलों की ओर से हुए इस हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। लगभग एक घंटे तक दोनों ओर से रुक रुक कर फायरिंग होती रही। हमले में CAF के दो जवान घायल हो गए हैं वहीं दो महिला मजदूरों को भी गोली लगी है। सभी का इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने बैलाडिला पहाड़ियों के नीचे हाल ही में बने पुलिस कैंप पर बुधवार रात को नक्सलियों ने हमला कर दिया। जंगल की तरफ से माओवादियों ने कैंप पर 15 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर दागने के साथ ही अंधाधुंध फायरिंग भी की। नक्सलियों के इस हमले से CAF के 2 जवान के साथ और 2 महिला मजदूर घायल हो गई।

बताया जा रहा है कि यह हमला माओवादियों की पश्चिम बस्तर डिवीजन कमेटी के ने किया। नक्सलियों के हमले के बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया। लगभग एक घंटे तक फायरिंग होती रही। इसके बाद नक्सली जंगल की ओर भाग गए। फायरिंग में घायल दो जवान व एक महिला मजदूर का इलाज कैंप में किया जा रहा है वहीं एक महिला को जिला अस्पताल भेजा गया।

नक्सलियों की फायरिंग में CAF के आरक्षक सलीम लकड़ा व आरक्षक किशन सूर्यवंशी को गोली लगी। वहीं एक महिला मजदूर दुले हेमला और बुदरी ताती को भी गोली लगी। इनमें दुले हेमला के पेट में गोली लगी। गभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं दोनों जवानों व एक महिला मजदूर की हालत सामान्य है।

दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि बुधवार रात को नक्सलियों ने कैंप पर फायरिंग की है। माओवादियों ने कैंप पर ग्रेनेड भी दागे हैं। हमारे जवानों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। इलाके में सर्चिंग की जा रही है।