सीआईएनए, दंतेवाड़ा। जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार को दंतेवाड़ा-सुकमा की सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस-नस्कली मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। यहां सर्चिंग पर निकले जवानों ने एक हार्डकोर नस्कली को ढेर कर दिया है। नक्सली पर पांच लाख रुपए का ईनाम भी था। दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। हालांकि अभी इसे लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार CRPF और DRG के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। यहां नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रभावित क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। गुरुवार को भी CRPF और DRG के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग गए।

इसके बाद सर्चिंग के दौरान जवानों ने एक नक्सली का शव बरामद किया। मारे गए नक्सली की पहचान कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य महंगू के रूप में हुई है। महंगु पर पांच लाख रुपए का इनाम रखा गया था। ऑपरेशन मानसून के तहत जवानों की यह बड़ी सफलता है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ अभी खत्म हो गई है और जवान सर्चिंग में लगे हुए हैं। माना जा रहा है कि जंगल में हथियार भी बरामद हो सकते हैं।