सीआईएनए, जांजगीर-चांपा। संपत्ति विवाद में छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में हत्या के दो मामले सामने आए। बीती रात बिलासपुर में छोटे भाई ने बड़े भाई की संपत्ति विवाद में हत्या कर दी। अब जांजगीर-चांपा में एक अधेड़ ने अपने बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। यहां भी हत्या का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। खासबात यह है कि हत्या के बाद आरोपी को इसका जरा भी पछतावा नहीं है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र का है। पिसौद गांव निवासी जिलेराम साहू (63) की बुधवार सुबह अपने बाड़ी में काम कर रहा था। इस दौरान पड़ोस मे रहने वाला उसका छोटा भाई दिलहरण साहू (53) पहुंचा। पहुंचते ही उसने संपत्ति को लेकर विवाद करना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ा तो दिलहरण ने अपने साथ लाई कुल्हाडी से बड़े भाई के सिर पर बवार कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सिर के हो गए दो टुकड़े
पुलिस जब पहुंची तो शव काफी क्षत विक्षत हालत में था। उसके सिर के दो टुकड़े हो चुके थे। पूछताछ मे प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि दिलहरण के सिर पर तो खून सवार था। वह अपने बड़े भाई के सिर पर तब तक कुल्हाडी से वार करता रहा जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। हालांकि कुल्हाडी के पहले वार से से ही उसकी मौत हो चुकी थी।

बंटवारे के बावजूद करता था विवाद
जांजगीर पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों के पिता ने इनके बीच संपत्ति का बटवारा कर दिया था। दिलहरण साहू अपने हिस्से की जमीन बेचकर खा गया। अब उसकी नजर बड़े भाई की जमीन पर भी थी। इसे लेकर हमेशा वह विवाद करता था। विवाद को देखते हुए इनके पिता भी छोड़कर चले गए थे हालांकि उनकी बाद में मौत हो गई। भाई की संपत्ति हड़पने के चक्कर में ही दिलहरण ने यह हत्या कर दी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।