रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना में लगातार स्कूल खोले जा रहे हैं। इसके साथ ही शिक्षकों की भर्तियां भी शुरू हो गई है। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत रायपुर में 12 नए इंग्लिश स्कूल शुरू होंगे। इन स्कूलों में व्याख्याता से लेकर सहायक शिक्षक की नियुक्ति होगी। सभी स्कूल में 18-18 पद रहेंगे। 12 स्कूलों के अनुसार कुल 216 पदों पर नियुक्ति होगी।

जानकारी के अनुसार पहले यहां प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन मंगाए जाएंगे। इसके बाद खाली पदों के लिए संविदा भर्ती होगी। इंग्लिश स्कूलों में प्रतिनियुक्ति पर आने वालों की संख्या कम होने का अनुमान है। इसलिए अधिकांश पदों पर संविदा भर्ती होगी। अफसरों का कहना है कि 12 नए सरकारी इंग्लिश स्कूलों में प्रवेश के लिए 1 जुलाई से आवेदन मंगाए जाएंगे। 15 दिनों के भीतर प्रवेश के लिए लिस्ट जारी कर दी जाएगी। जुलाई तक में एडमिशन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसी बीच शिक्षकों की नियुक्ति भी होगी। ताकि कक्षाएं शुरुआत से ही सही तरीके से संचालित की जा सके।

जिला शिक्षा अधिकारी एएन. बंजारा के अनुसार इन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पहले प्रतिनियुक्ति के तहत आवेदन मंगाए जाएंगे। इसके लिए भी इंटरव्यू होगा। सरकारी इंग्लिश मीडियम स्कूलों में भर्ती के लिए इंग्लिश अनिवार्य शर्त है। पद के दावेदार को इंग्लिश में अच्छे से लिखना व पढ़ना आना चाहिए। इसके आधार पर नियुक्ति होगी। प्रतिनियुक्ति के बाद जो पद बचेंगे उसके लिए संविदा के तौर पर भर्ती की जाएगी।

संविदा भर्ती के रूप में इतना वेतन मिलेगा

राज्य में चल रहे स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूलों में संविदा पर कार्यरत शिक्षकों का वेतनमान इस प्रकार है। व्याख्याता को 38,100, शिक्षक को 35,400, प्रधान पाठक प्राथमिक शाला को 35,400, प्रधान पाठक मिडिल स्कूल को 38,100 रुपए, सहायक शिक्षक 25,300 रुपए, व्यायाम शिक्षक 35,400, कम्प्यूटर शिक्षक 35,400। 12 नए इंग्लिश स्कूलों में भी संविदा शिक्षकों का सैलरी स्ट्रक्चर कुछ ऐसा ही होगा।