सीआईएनए, डेस्क। गुजरात के वडोदरा से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक लड़की खुद से शादी करने जा रही है। अपनी मांग पर वह अपने ही नाम पर सिंदूर भरेगी। अकेले ही खुद के साथ जीने मरने की कसमें खाएगी और अकेले ही हनीमून पर भी जाएगी। इसके लिए उन्होंने गोवा को चुना है, जहां वह दो हफ्ते तक सिंगल एन्जॉय करेंगी।

24 साल की लड़की क्षमा इसी महीने 11 जून को शादी करने जा रही है। क्षमा किसी और से नहीं बल्कि खुद से शादी करने जा रही हैं। इस शादी में बहुत सीमित संख्या में मेहमान भी होंगे। लेकिन दूल्हा कोई नहीं होगा। क्षमा ने दुल्हन बनने के लिए शॉपिंग भी कर ली है। वह अपनी शादी की तैयारियों में लगी हुई है।

इस शादी में वह रिवाज के मुताबिक सात फेरे लेंगी और यहां तक ​​कि सिंदूर भी लगाएंगी। उनके दोस्त उनका समर्थन कर रहे हैं। गुजरात में इस तरह की एकल शादी का शायद यह पहला मामला है। क्षमा ने बताया कि बचपन से ही वह नहीं चाहती थी कि उसकी शादी हो। मगर, वह दुल्हन बनने की ख्वाहिश रखती थी। इसलिए उन्होंने ऐसा फैसला लिया, ताकि उनकी दोनों इच्छाएं पूरी हो सकें।

मिसाल पेश करूंगी 
क्षमा ने कहा – इस प्रकार के विवाह को स्वविवाह या एकल विवाह कहा जाता है। मैंने इस तरह की शादी के बारे में ऑनलाइन सर्च किया कि क्या किसी देश की महिला खुद से शादी करती। लेकिन कोई नहीं मिला। क्षमा ने कहा कि वह अकेले शादी करने वाली देश की शायद पहली लड़की के रूप में एक मिसाल कायम करेंगी।

माता-पिता को नहीं है ऐतराज 
उन्होंने बताया कि कुछ लोग मेरे फैसले से नाराज हैं, वे इस शादी को गलत मान सकते हैं। मगर, मेरे माता-पिता खुले विचारों वाले हैं और उन्होंने उसकी शादी को अपना आशीर्वाद दिया है। क्षमा एक निजी कंपनी में काम करती है, उनका कहना है कि लोग उसी से शादी करते हैं जिससे वे प्यार करते हैं। मैं खुद से प्यार करती हूं इसलिए शादी कर रही हूं।