रायपुर। आज हरेली तिहार के अवसर पर मुख्‍यमंत्री निवास में रौनक देखी जा रही है। भूपेश बघेल मुख्यमंत्री निवास पर हरेली पर्व को धूमधाम से मना रहे हैं। हरेली तिहार के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कृषि यंत्रों की विधिवत पूजा अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्‍होंने गौमाता को चारा खिलाया और उसकी पूजा कील राउत नाचा, करमा नृत्य, आदिवासी नृत्य के लोक कलाकार परंपरागत छत्तीसगढ़िया वाद्य यंत्रों के धुन पर थिरके। इस मौके पर सीएम बघेल ने गेड़ी के साथ झूले का भी आनंद लिया।

हरेली पर्व पर मुख्‍यमंत्री ने गोमूत्र की खरीदी की शुरुआत करते हुए भूपेश बघेल छत्‍तीसगढ़ के पहले गोमूत्र विक्रेता बने। सीएम बघेल ने चंदखुरी की निधि स्व सहायता समूह को 5 लीटर गौमूत्र बेचकर 20 रूपए अर्जित किए। छत्‍तीसगढ़ देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां सरकार गोधन न्याय योजना के तहत अब गोबर के अलावा गोमूत्र की खरीदी कर रही है। साथ ही स्व सहायता समूहों को प्रोत्साहन राशि का वितरण किया। इस दौरान उनके साथ मंत्री कवासी लखमा, मोहम्‍मद अकबर कई अन्‍य मंत्री और विधायक मौजूद थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने निवास परिसर से मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और शुभकामनाएं दी। राजगीत से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य के संबंध में शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री महतारी न्याय रथ शुरूआत में खनिज न्यास निधि प्राप्त करने वाले नौ जिलों दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर में जाएगा। इसके बाद रथ प्रदेश के बाकी बचे जिलों के भ्रमण पर जाएगा।

शॉर्ट फिल्म भी दिखाई गई

रथ में लगी एलईडी स्क्रीन के मााध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करने को शार्ट फिल्म दिखाई जाएगी। रथ में दो अधिवक्ता भी होगे जो महिलाओं की समस्याओं का समाधान करने के साथ उनसे आवेदन भी लेंगे, ताकि महिला आयोग से मदद दिलाई जा सके। इस अभियान के तहत महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता दी जाएगी।