अंबिकापुर। कोरिया जिले में फिर से भूकंप के झटके लोगों ने महसूस किए। मध्य रात्रि 12 बजकर 58 मिनट पर 4.6 तीव्रता का भूकंप रिक्टर स्केल पर दर्ज किया गया। यह पिछली बार की तुलना में तीव्र था। विज्ञानियों के अनुसार यह मध्यम श्रेणी का भूकंप है। इससे कच्चे और खपरैल मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। यह भी खबर सामने आ रही है कि देर रात आए भूकंप के दौरान चरचा भूमिगत खदान ने ऊपर से पत्थर गिरने के दौरान मची भगदड़ में दो श्रमिक घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए अपोलो अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कोरिया जिले में किसी तरह के बड़े नुकसान की खबर नहीं है।

जानकारी के अनुसार पिछले 11 जुलाई को सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर बैकुंठपुर-नागपुर-चिरमिरी इलाक़े में भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे, तब रेक्टर पैमाने पर इसे 4.3 दर्ज किया गया था। इसी इलाक़े में बीति रात 12 बजकर 56 मिनट पर फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इस बार इसकी तीव्रता 4.6 दर्ज की गई है। आज की भूकंपीय तरंग का एपीसेंटर सतह से क़रीब 16 किलोमीटर ज़मीन के भीतर था। भूगर्भ वैज्ञानिक इस रेक्टर पैमाने के भूकंप को मॉडरेट श्रेणी का भूकंप मानते हैं। इस स्तर का भूकंप कच्चे मकान या सतह पर बने कमजोर बनावट को क्षति पहुंचाने में सक्षम माना जाता है। नुक़सान कई बार कंपन की समय सीमा पर भी निर्भर होता है।

लगातार भूकंप से लोग दहशत में

मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार आज उत्पन्ना भूकम्पीय तरंग का एपी सेन्टर भूसतह से लगभग 16 किमी जमीन के भीतर था। आज का भूकम्प भी मध्यम श्रेणी का था जो कच्चे मकान या भूसतह पर बने कमजोर बनावट को क्षति पहुंचाने में सक्षम था। लगातार भूकंप के झटके आने के बाद लोग दहशत में हैं। इसके साथ ही भूगर्भ विज्ञानियों से घटना की जांच की मांग इलाके के लोगों ने प्रशासन से की है।